सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बना लिए हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को जीतकर टॉप-2 में फिनिश करना है तो आईपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज करना होगा. यह हैदराबाद के मैदान पर किसी टीम द्वारा बनाया गया तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है. SRH के लिए अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने अर्धशतकीय पारी खेली.
सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में कुल छठी बार 250 रनों का आंकड़ा पार किया है. वहीं हैदराबाद के मैदान पर यह तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है. इस मैदान पर 286 रन और 277 रनों का स्कोर भी हैदराबाद के ही नाम है. एसआरएच के लिए ईशान किशन ने 79 रनों की पारी खेली. ट्रेविस हेड 26 रन बना पाए.
अभिषेक-ईशान-क्लासेन की फिफ्टी
हैदराबाद टीम की ओर से अभिषेक शर्मा ने 22 गेंद में 56 रन बनाए. ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने 48 गेंदों में 113 रनों की पार्टनरशिप कर SRH को इस विशालकाय स्कोर तक पहुंचने में मदद की. क्लासेन ने 24 गेंद में 51 रनों की पारी खेली, जो इस सीजन उनकी छठी अर्धशतकीय पारी है. क्लासेन आईपीएल 2026 में 600 रनों का आंकड़ा पार करने वाले हैदराबाद टीम के पहले बल्लेबाज हैं.
RCB को करना होगा रिकॉर्ड रन चेज
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को अगर ऐतिहासिक जीत के साथ लीग स्टेज को अलविदा कहना है, तो आज ऐतिहासिक रन चेज करना होगा. हैदराबाद के मैदान पर सबसे बड़ा रन चेज 246 रनों का है, जो सनराइजर्स हैदराबाद ने पंजाब किंग्स के खिलाफ हासिल किया था. आज बेंगलुरू आईपीएल इतिहास के तीसरे सबसे बड़े रन चेज का भी रिकॉर्ड बना सकती है. बता दें कि पंजाब किंग्स के अलावा कभी आईपीएल में किसी टीम ने 250+ टारगेट चेज नहीं किया है.
यह भी पढ़ें:
IPL के बीच इस भारतीय ऑलराउंडर ने लिया संन्यास, क्रिकेट को अलविदा कहकर सबको चौंकाया
‘करो या मरो’ मैच से पहले KKR को 440 वोल्ट का झटका, टीम का सबसे बड़ा धुरंधर IPL 2026 से बाहर