शाम की चाय के साथ अगर आपको कुछ गरमागरम, कुरकुरा और स्वादिष्ट खाने का मन हो तो पालक पत्ता पकोड़ा एक बेहतरीन विकल्प है. पालक से तैयार होने वाला यह स्नैक स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ घर पर आसानी से बनाया जा सकता है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. बेसन, मसाले और ताजे पालक के पत्तों से आप कम समय में स्वादिष्ट पकोड़े तैयार कर सकते हैं.
पालक पत्ता पकोड़ा बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद होता है. बारिश या ठंड के मौसम में गरमागरम पकोड़ों का स्वाद और भी बढ़ जाता है. इसे आप चाय, कॉफी या अपनी पसंद की चटनी के साथ परोस सकते हैं. अगर आप भी घरवालों के लिए कुछ अलग और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो इस आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करें.
पालक को करें तैयार
सबसे पहले पालक के पत्तों को अच्छी तरह पानी से धो लें ताकि उन पर लगी मिट्टी या गंदगी निकल जाए. इसके बाद उन्हें साफ कपड़े से सुखा लें. पत्तों पर ज्यादा पानी रह गया तो बेसन का घोल ठीक तरह से चिपक नहीं पाएगा और तेल में डालते समय छींटे भी पड़ सकते हैं. वहीं बड़े पत्तों को आप जरूरत के अनुसार दो हिस्सों में काट सकते हैं.
ऐसे तैयार करें बेसन का घोल
एक बड़े बर्तन में बेसन और चावल का आटा डालें. इसमें अजवाइन, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक मिलाएं. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर इसका गाढ़ा घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल बहुत पतला न हो, क्योंकि पतला बैटर पालक के पत्तों पर अच्छी तरह नहीं टिकेगा. अब घोल को कुछ मिनट के लिए रख दें. इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें. तेल का तापमान मध्यम रखना बेहतर होता है. अब एक-एक पालक के पत्ते को बेसन के घोल में अच्छी तरह लपेटें और सावधानी से गर्म तेल में डालें.
यह भी पढ़ें: घर पर कैसे बनाएं बिहार का फेमस चोखा? आ जाएगा मजा
सुनहरा होने तक तलें
पालक के पत्तों को दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. बीच-बीच में उन्हें पलटते रहें ताकि पकोड़े हर तरफ से समान रूप से पकें. तैयार पकोड़ों को कड़ाही से निकालकर टिश्यू पेपर पर रखें, जिससे अधिक तेल होने पर वो निकल जाए. अब गरमागरम पालक पत्ता पकोड़े को हरी धनिया-पुदीना चटनी, इमली की चटनी या टमाटर सॉस के साथ परोसें. आप चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला छिड़कने से इसका स्वाद भी बढ़ा सकते हैं.
पकोड़ों को कुरकुरा बनाने के टिप्स
पकोड़ों को कुरकुरा बनाने के लिए पालक को धोने के बाद अच्छी तरह सुखाना जरूरी है. बैटर में चावल का आटा मिलाने से पकोड़ों में अच्छा क्रंच आता है. तेल बहुत ज्यादा गर्म होने पर पत्ते बाहर से जल्दी ब्राउन हो सकते हैं, जबकि अंदर का बैटर ठीक से नहीं पकता. इसलिए हमेशा मध्यम आंच पर पकोड़े तलें.
यह भी पढ़ें: घर पर फटाफट कैसे बनाएं फ्रेंच टोस्ट? नोट कर लें रेसिपी