अगर आपको लग रहा है कि पिछले कुछ समय से घर का खर्च बढ़ गया है बाजार से उतने ही पैसे में पहले से कम सामान आ रहा है या परिवार के साथ बाहर घूमना और खाना महंगा पड़ रहा है तो सरकारी आंकड़े भी कुछ ऐसी ही तस्वीर दिखा रहे हैं. वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग ने नवंबर की मासिक आर्थिक समीक्षा जारी की है. इसके मुताबिक सितंबर में देश की खुदरा महंगाई दर 5.54 फीसदी थी जो अक्टूबर में बढ़कर 6.09 फीसदी हो गई
वहीं खाने-पीने की चीजों की महंगाई करीब 9 फीसदी तक पहुंच गई है. महंगाई सिर्फ रसोई तक सीमित नहीं है बल्कि मोबाइल, लैपटॉप, कपड़े, जूते, बच्चों की पढ़ाई और हवाई सफर तक इसका असर देखने को मिल रहा है.
रसोई में महंगाई का तड़का
रसोई में रोज इस्तेमाल होने वाला प्याज पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले 116 फीसदी महंगा हो गया है. यानी इसकी कीमत दोगुने से भी ज्यादा हो गई है. लहसुन करीब 61 फीसदी, नींबू 47 फीसदी और चीनी 27 फीसदी महंगी हुई है. दाल और चावल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है. अरहर की दाल 15 फीसदी, उड़द की दाल करीब 12 फीसदी और चावल 12.5 फीसदी महंगा हुआ है.
वहीं मूंगफली के तेल में 16.5 फीसदी, रिफाइंड तेल में करीब 16 फीसदी और सरसों के तेल में करीब 10 फीसदी महंगाई दर्ज की गई है. हालांकि इस बीच आलू की कीमतों में 14 फीसदी की गिरावट आम लोगों के लिए राहत की बात है.
त्योहार बीते, अब शादियों में बढ़ सकता है खर्च
वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट में त्योहारी सीजन के दौरान बढ़ी मांग का असर भी कीमतों पर देखने को मिला है. दूध से बनी मिठाइयां करीब 10 फीसदी, पनीर 5.7 फीसदी, दूध 4.6 फीसदी और दही 4.4 फीसदी महंगा हुआ है.
रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि शादियों के सीजन के चलते दूध और उससे बनी चीजों की कीमतों पर आने वाले दिनों में भी दबाव बना रह सकता है. इस बीच 12 नवंबर से अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी भी कर दी है. शादी के लिए गहने खरीदना भी महंगा पड़ रहा है. पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले सोने के गहनों में 19.8 फीसदी और चांदी के गहनों में 52.4 फीसदी महंगाई दर्ज की गई है.
परिवार के साथ बाहर खाना भी हुआ महंगा
अगर आप वीकेंड पर परिवार के साथ किसी रेस्टोरेंट में खाना खाने जाते हैं तो वहां भी आपकी जेब पर महंगाई का असर पड़ रहा है. अक्टूबर में रेस्टोरेंट और होटल से जुड़ी सेवाओं की महंगाई दर 10.06 फीसदी रही है.
पका हुआ खाना 9 फीसदी और स्नैक्स 10.8 फीसदी महंगे हुए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक कमर्शियल गैस सिलेंडर, चावल, प्याज, चीनी और मसालों की बढ़ती कीमतों का असर बाहर मिलने वाले खाने पर भी पड़ा है.
पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े लेकिन हवाई सफर 43 फीसदी महंगा
एक तरफ पेट्रोल और डीजल की कीमतों में नई बढ़ोतरी नहीं हुई है वहीं दूसरी तरफ हवाई सफर लगातार महंगा हो रहा है. सितंबर में हवाई किराए की महंगाई दर 30 फीसदी थी जो अक्टूबर में बढ़कर 43 फीसदी हो गई है.
वित्त मंत्रालय के मुताबिक इसके पीछे दो बड़ी वजहें हैं. पहली हवाई जहाज में इस्तेमाल होने वाले ईंधन यानी ATF की बढ़ती कीमत और दूसरी त्योहारी सीजन में हवाई सफर की बढ़ती मांग. कुल मिलाकर ट्रांसपोर्ट से जुड़ी महंगाई दर सितंबर के 5.01 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 5.84 फीसदी हो गई है.
AI की वजह से महंगे हो रहे आपके मोबाइल और लैपटॉप
सरकारी रिपोर्ट में महंगाई की एक दिलचस्प वजह भी सामने आई है. दुनिया भर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI का इस्तेमाल बढ़ने का असर अब आम लोगों के मोबाइल और लैपटॉप की कीमतों पर भी पड़ रहा है. मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, टीवी और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से जुड़ी कैटेगरी की महंगाई दर अप्रैल में माइनस 0.66 फीसदी थी जो सितंबर में 4.94 फीसदी और अक्टूबर में 7.75 फीसदी पहुंच गई है.
दरअसल दुनिया भर में AI डेटा सेंटरों के लिए मेमोरी चिप की मांग तेजी से बढ़ रही है. इसके चलते आम इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में इस्तेमाल होने वाली मेमोरी चिप की सप्लाई पर दबाव पड़ा है. रिपोर्ट के मुताबिक 16 नवंबर तक एक खास तरह की DRAM मेमोरी चिप की कीमत पिछले साल के मुकाबले करीब 112 फीसदी बढ़ चुकी थी.
कपड़े, जूते, बर्तन और बच्चों की पढ़ाई भी महंगी
महंगाई का असर घर की दूसरी जरूरतों पर भी देखने को मिल रहा है. कपड़े और जूतों की महंगाई दर 4.96 फीसदी और शिक्षा से जुड़ी सेवाओं की महंगाई दर 4.02 फीसदी रही है.
साड़ी करीब 7.5 फीसदी और धोती-लुंगी करीब 6 फीसदी महंगी हुई है. इसके अलावा स्टील के बर्तन, नॉन-स्टिक बर्तन और प्रेशर कुकर जैसी घर में इस्तेमाल होने वाली चीजों की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
शहरों से ज्यादा गांवों में महंगाई की मार
महंगाई का असर शहरों के मुकाबले गांवों में ज्यादा देखने को मिल रहा है. अक्टूबर में ग्रामीण इलाकों की खुदरा महंगाई दर 6.63 फीसदी रही जबकि शहरों में यह 5.41 फीसदी थी.
गांवों में खाने-पीने की चीजों की महंगाई 9.1 फीसदी और शहरों में 8.7 फीसदी रही है. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि ग्रामीण परिवारों के कुल खर्च का बड़ा हिस्सा खाने-पीने की जरूरतों पर जाता है. वही खेतिहर मजदूर, ग्रामीण मजदूर और औद्योगिक कामगार पिछले छह महीने से 4 फीसदी से ज्यादा महंगाई का सामना कर रहे हैं.
क्या आने वाले दिनों में और बढ़ेगा घर का खर्च?
रिपोर्ट में चिंता की एक और बात सामने आई है. सितंबर में देश की थोक महंगाई दर 11.39 फीसदी थी, जो अक्टूबर में बढ़कर 12.29 फीसदी हो गई है. थोक स्तर पर ईंधन और बिजली की महंगाई दर 32.8 फीसदी पहुंच गई है.
अगर कंपनियों की सामान बनाने और उसे बाजार तक पहुंचाने की लागत बढ़ती रही तो इसका असर आने वाले दिनों में आम लोगों की जेब पर भी पड़ सकता है. इसके अलावा पश्चिम एशिया में जारी तनाव और मौसम से जुड़ी अनिश्चितताओं को भी वित्त मंत्रालय ने महंगाई के लिए चुनौती बताया है.
महंगाई से राहत कब मिलेगी?
हालांकि सरकारी रिपोर्ट में राहत के कुछ संकेत भी हैं. महंगाई की गणना में शामिल करीब 52 फीसदी वस्तुओं की महंगाई दर अभी भी 4 फीसदी से कम है. सरकार के पास गेहूं और चावल का पर्याप्त भंडार मौजूद है. प्याज, चावल और खाने के तेल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए भी सरकार ने कई कदम उठाए हैं.
वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आने और रुपये में मजबूती से भी महंगाई का दबाव कम हो सकता है अगर यह स्थिति आगे भी बनी रहती है.
महंगाई पर सरकारी रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, सब्जी-अनाज के बढ़ेंगे दाम