राहुल द्रविड़ इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए कोच बनेंगे या नहीं फिलहाल इसका जवाब भविष्य के गर्व में पल रहा है. हालांकि कोच बनने की रेस में वो सबसे आगे बताए जा रहे हैं.
ब्रैंडन मैक्कलम के टेस्ट टीम के कोच पद से हटने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड नए कोच की तलाश में जुटा है. इसी बीच द टेलीग्राफ की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि राहुल द्रविड़ का नाम भी उन दावेदारों में शामिल है जिन पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है. उनके साथ एंडी फ्लॉवर और रिचर्ड डाउसन जैसे अनुभवी नाम भी चर्चा में हैं.
रिपोर्ट के अनुसार द्रविड़ को उनके लंबे कोचिंग अनुभव और खिलाड़ियों को तैयार करने की क्षमता की वजह से मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है. उनके मार्गदर्शन में भारत ने 2023 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेला था. इसके बाद टीम ने 2024 टी20 विश्व कप भी अपने नाम किया. भारतीय क्रिकेट में युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में भी उनकी बड़ी भूमिका रही है.
हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि राहुल द्रविड़ फिलहाल फुल टाइम कोचिंग करने के इच्छुक नहीं हैं. माना जा रहा है कि अगर कोई ऐसी भूमिका मिलती है जिसमें उन्हें परिवार के साथ ज्यादा समय बिताने का मौका मिले तो वह उस पर विचार कर सकते हैं. इसी वजह से इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड उनकी पसंद को ध्यान में रखकर फैसला ले सकता है.
राहुल द्रविड़ के अलावा एंडी फ्लॉवर को भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है. फ्लॉवर पहले इंग्लैंड के टेस्ट कोच रह चुके हैं और उनके कार्यकाल में टीम टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक तक पहुंची थी. इसके अलावा रिचर्ड डाउसन, माइक हेसन, कुमार संगाकारा, एंड्रयू फ्लिंटॉफ और जस्टिन लैंगर जैसे नाम भी चर्चा में बताए जा रहे हैं.
अब सभी की नजर इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के अगले फैसले पर है. अगर राहुल द्रविड़ इस जिम्मेदारी को स्वीकार करते हैं तो यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे बड़ी कोचिंग नियुक्तियों में से एक मानी जाएगी.