शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को लेकर ऑडियंस पहले से ही काफी एक्साइटेड है. फिल्म की रिलीज में अभी वक्त है, लेकिन मेकर्स फिल्म से जुड़े छोटे-छोटे अपडेट्स शेयर कर फैंस की एक्साइटमेंट को बरकरार रखे हुए हैं.
हाल ही में फिल्म का गाना ‘डैडी कूल’ रिलीज किया गया था. इस गाने में शाहरुख खान और करीना कपूर की जोड़ी कई सालों बाद साथ नजर आई. गाने को फैंस का काफी प्यार मिल रहा है. लेकिन अब इस गाने के रिलीज होने के बाद इसको लेकर एक नया अपडेट सामने आया है.
‘डैडी कूल’ को मिल रहे प्यार से खुश हैं सिद्धार्थ आनंद
गाने को ऑडियंस से मिल रहे प्यार पर डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘यह देखकर बेहद खुशी हो रही है कि ‘डैडी कूल’ को इतना प्यार मिल रहा है! फिल्म में पूरा गाना देखने के लिए आपको बड़े पर्दे पर ही आना होगा.’ यानी यह गाना उतना छोटा नहीं है, जितना फैंस ने इसे देखा है. टी सीरीज के यूट्यूब पर ‘डैडी कूल’ गाने की जो वीडियो जारी किया गया है, वह 1 मिनट 44 सैकेंड का है, लेकिन यह पूरा गाना नहीं है.
हालांकि, गाने के पूरे वर्जन या इसकी अवधि को लेकर निर्देशक ने कोई जानकारी नहीं दी है. लेकिन इतना साफ है कि मेकर्स फिलहाल गाने का पूरा वर्जन ऑनलाइन जारी करने के मूड में नहीं हैं और आपको ये पूरा गाना सुनना है तो आपको फिल्म के रिलीज होने तक इंतजार करना होगा.
So happy with all the love Daddy Cool is getting! Watch the full song only on the BIG SCREEN in the film! 🙌
— Siddharth Anand (@justSidAnand) November 28, 2026
दिसंबर में रिलीज होगी ‘किंग’
शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद ने किया है. इससे पहले वह शाहरुख खान के साथ ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘पठान’ में काम कर चुके हैं. ऐसे में एक बार फिर दोनों की जोड़ी को पर्दे पर देखने के लिए फैंस काफी एक्साइटेड हैं. फिल्म में शाहरुख खान के अलावा सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और रानी मुखर्जी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी.
वहीं, फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले किया गया है. मेकर्स ने फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया है और इसमें जबरदस्त एक्शन देखने को मिलने वाला है. ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब फिल्म के गाने ‘डैडी कूल’ को लेकर आए इस नए अपडेट ने एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है.