देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में शामिल दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में एडमिशन लेना हर साल हजारों विद्यार्थियों का सपना होता है. 12वीं की परीक्षा के बाद छात्र CUET की तैयारी करते हैं, ताकि उन्हें अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स में जगह मिल सके. अब तक एडमिशन के लिए विषयों का चयन और अंकों की गणना एक निर्धारित नियम के अनुसार होती रही है. ऐसे में विद्यार्थियों को यह ध्यान रखना पड़ता था कि जिस कोर्स में वे प्रवेश लेना चाहते हैं, उसके लिए CUET में कौन-कौन से विषय चुनना जरूरी है.
लेकिन अब दिल्ली यूनिवर्सिटी इस प्रक्रिया को पहले से ज्यादा आसान और लचीला बनाने की तैयारी कर रही है. विश्वविद्यालय ने अंडरग्रेजुएट एडमिशन के मेरिट फॉर्मूले में बदलाव को मंजूरी दी है. नए प्रस्ताव के अनुसार, अब चार विषयों के बजाय तीन सबसे बेस्ट विषयों के अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी. इस बदलाव का उद्देश्य विद्यार्थियों को विषय चुनने में अधिक स्वतंत्रता देना और एडमिशन की प्रक्रिया को सरल बनाना है.
अब कैसे तैयार होगी मेरिट लिस्ट?
नए नियम के तहत CUET के सभी 37 विषयों को एक कॉमन पूल में शामिल करने का प्रस्ताव है. इसका मतलब है कि विद्यार्थियों को पहले की तरह हर कोर्स के लिए एक तय भाषा और विषयों के संयोजन पर ही निर्भर नहीं रहना होगा. वे अपनी पसंद के अनुसार CUET के विषयों की परीक्षा दे सकेंगे. हालांकि मेरिट तैयार करते समय उनके तीन सबसे अधिक अंक वाले विषयों को ही शामिल किया जाएगा. यानी यदि किसी छात्र ने तीन से अधिक विषयों की परीक्षा दी है, तो उसके सबसे अच्छे तीन स्कोर के आधार पर मेरिट तय होगी. अगर कोई विद्यार्थी बीए ऑनर्स हिस्ट्री में एडमिशन लेना चाहता है और उसने हिस्ट्री, सोशियोलॉजी और पॉलिटिकल साइंस में अच्छे अंक हासिल किए हैं, तो इन तीनों विषयों के स्कोर के आधार पर उसकी मेरिट बनाई जा सकती है.
क्या भाषा का पेपर पूरी तरह खत्म हो जाएगा?
इस बदलाव को लेकर विद्यार्थियों के मन में सबसे बड़ा सवाल भाषा के पेपर को लेकर है. दरअसल, नए नियम में CUET की मेरिट तैयार करते समय भाषा के अंकों की अनिवार्यता हटाने का प्रस्ताव है. लेकिन इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि 12वीं में भाषा पढ़ने की जरूरत ही नहीं होगी. दिल्ली यूनिवर्सिटी में एडमिशन के लिए विद्यार्थियों को 12वीं कक्षा में कम से कम एक भाषा विषय पढ़ना और उसमें पास होना जरूरी रहेगा. इसके अलावा कुछ कोर्स ऐसे भी होंगे, जिनमें संबंधित भाषा का CUET स्कोर अनिवार्य रहेगा. बीए ऑनर्स हिंदी में एडमिशन लेने वाले विद्यार्थियों को CUET में हिंदी का पेपर देना होगा. वहीं बीए ऑनर्स इंग्लिश के लिए अंग्रेजी का पेपर और दो अन्य विषयों के स्कोर जरूरी होंगे. यानी सभी कोर्स के लिए एक जैसा नियम लागू नहीं होगा.
यह भी पढ़ें: PM USP CSSS स्कॉलरशिप में किसे मिलेंगे 20 हजार रुपये? जानें पूरी योजना
किन कोर्स में GAT के अंक होंगे जरूरी?
CUET में जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट (GAT) भी शामिल होता है. नए प्रस्ताव के अनुसार, कई कोर्स में मेरिट तैयार करने के लिए GAT के अंकों पर विचार नहीं किया जाएगा. हालांकि, बीकॉम, बीएमएस, बीबीए (फाइनेंशियल इन्वेस्टमेंट एनालिसिस), बीबीई और बीएफए जैसे कुछ पाठ्यक्रमों में GAT की भूमिका बनी रह सकती है.इसलिए विद्यार्थियों को यह समझना जरूरी है कि तीन बेस्ट विषयों वाला नियम लागू होने के बावजूद कोर्स के हिसाब से कुछ विशेष शर्तें जारी रहेंगी. केवल तीन विषयों में अच्छे अंक हासिल करना हर कोर्स में एडमिशन की गारंटी नहीं होगा.
कब से लागू होगा नया नियम?
दिल्ली यूनिवर्सिटी के इस बदलाव की सबसे अहम बात इसकी लागू होने की तारीख है. नए मेरिट फॉर्मूले को शैक्षणिक सत्र 2027-28 से लागू करने की तैयारी है. इसे विश्वविद्यालय की अकादमिक काउंसिल से मंजूरी मिल चुकी है. इसलिए 2026-27 सत्र में एडमिशन लेने वाले विद्यार्थियों को पुराने CUET आधारित नियमों के अनुसार ही प्रवेश दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: IIT Madras Internship: IIT मद्रास में अब 2 नहीं 6 महीने की होगी इंटर्नशिप, जानें किसे मिलेगा मौका?
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI