How To Clean Greasy Kitchen Windows Naturally: रसोई की खिड़कियां घर के उन हिस्सों में शामिल होती हैं, जिन पर सबसे जल्दी गंदगी जमा होती है. खाना बनाते समय उड़ने वाला तेल, मसालों की भाप और धुआं धीरे-धीरे खिड़की के शीशों और फ्रेम पर जमने लगता है. कुछ ही दिनों में यह परत इतनी चिपचिपी और काली हो जाती है कि सामान्य पानी या कपड़े से साफ करना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में लोग महंगे क्लीनर खरीद लेते हैं, लेकिन कई बार उनसे भी मनचाहा परिणाम नहीं मिलता. अच्छी बात यह है कि किचन की खिड़कियों को चमकाने के लिए आपको महंगे प्रोडक्ट्स की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद कुछ साधारण चीजों की मदद से यह काम आसानी से किया जा सकता है.
बेकिंग सोडा और लिक्विड डिश सोप का इस्तेमाल करें
इस आसान उपाय के लिए आपको सिर्फ बेकिंग सोडा और लिक्विड डिशवॉश की जरूरत होगी. एक छोटी कटोरी में दो से तीन चम्मच बेकिंग सोडा लें और उसमें थोड़ा सा पानी या कुछ बूंदें लिक्विड डिश सोप की मिला दें। दोनों चीजों को अच्छी तरह मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें. बेकिंग सोडा हल्के स्क्रबर की तरह काम करता है, जबकि डिश सोप तेल और चिकनाई को तोड़ने में मदद करता है. यही वजह है कि यह मिश्रण जिद्दी गंदगी पर भी असरदार साबित होता है.
खिड़की पर लगाएं और 10 मिनट छोड़ दें
अब एक पुराना टूथब्रश या किचन स्क्रबर लें और तैयार पेस्ट को खिड़की के उन हिस्सों पर लगाएं जहां सबसे ज्यादा चिकनाई और कालापन जमा है. फ्रेम, जाली और कोनों में भी इसे अच्छी तरह फैलाएं. इसके बाद लगभग 10 मिनट तक इसे ऐसे ही छोड़ दें. इस दौरान पेस्ट जमा हुई चिकनाई और गंदगी को ढीला करने का काम करेगा, जिससे बाद में सफाई करना काफी आसान हो जाएगा.
इसे भी पढ़ें: Fridge Smell Removal Tips: फ्रिज से नहीं जा रही बदबू, ये हैक्स आएंगे आपके बहुत काम
हल्के हाथों से करें सफाई
इसके बाद आपको 10 मिनट बाद एक स्पंज या स्क्रबर को गुनगुने पानी में भिगोकर खिड़की को हल्के हाथों से रगड़ना है. आप देखेंगे कि जमी हुई काली परत और चिकनाई आसानी से निकलने लगी है. इसके बाद सूती कपड़े से खिड़की को पोंछ लें. अगर शीशों पर दाग रह जाएं तो पुराने अखबार से उन्हें साफ करें. यह एक पुराना लेकिन कारगर तरीका है, जिससे शीशों पर चमक आती है और पानी के निशान भी नहीं पड़ते.
सफेद सिरके से बढ़ाएं चमक
अगर खिड़की पर काफी पुरानी और जिद्दी गंदगी जमी हुई है, तो सफेद सिरका भी इस्तेमाल किया जा सकता है. बराबर मात्रा में गुनगुना पानी और सफेद सिरका मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें. खिड़की पर छिड़काव करने के बाद साफ कपड़े से पोंछ दें. सिरके में मौजूद एसिटिक एसिड बची हुई चिकनाई को हटाने में मदद करता है. इसके साथ ही यह बदबू भी दूर करता है और शीशों को चमकदार बना देता है. इस आसान घरेलू उपाय की मदद से आपकी किचन की खिड़कियां फिर से नई जैसी साफ और चमकदार नजर आ सकती हैं.
इसे भी पढ़ें- सारे जतन कर लिए लेकिन घर से नहीं जा रहीं लाल वाली चींटियां, अपनाएं ये देसी ट्रिक्स