भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत हो चुकी है. इससे पहले खेली गई 5 मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया को 0-4 से हार का सामना करना पड़ा था. अब सामने आई रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ, जिसमें बताया गया कि वनडे सीरीज के बाद भारतीय टीम के सहायक कोच रयान टेन डोशेट की छुट्टी हो सकती है.
क्रिकबज पर छपी एक रिपोर्ट में बताया गया कि 19 जुलाई यानी वनडे सीरीज का तीसरा मैच टीम इंडिया के साथ उनका आखिरी दिन हो सकता है. उन्होंने आगे बढ़ने की अपनी इच्छा के बारे में BCCI को पहले ही बता दिया और बोर्ड से उन्हें मुक्त करने का अनुरोध किया. अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर रयान टीम इंडिया से अलग होने का फैसला क्यों कर रहे हैं? पता चला है कि उनके हटने के फैसले के पीछे कई वजह हैं.
हालांकि, पक्के तौर पर यह कहा जा सकता है कि अगर वह अलग होते हैं- जैसा कि बहुत मुमकिन लग रहा है, तो यह आपसी सहमति से और सौहार्दपूर्ण ढंग से होगा.
बता दें कि रयान टेन डोशेट ने 2 साल पहले टीम इंडिया का हाथ थामा था. माना जा रहा है कि अब उन्होंने अपना शुरुआती कॉन्ट्रैक्ट पूरा कर लिया है. उन्हें टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने सहायक कोच के रूप में चुना था.
टीम इंडिया का साथ छोड़ने के पीछे निजी कारण
वह पूरी तरह से निजी कारणों से टीम इंडिया से अलग होना चाहते हैं. उनके तीन छोटे बेटे हैं जिन पर उन्हें ध्यान देना है, खासकर इसलिए क्योंकि उनकी पत्नी नौकरी करती हैं. इसलिए वह लंदन में रहने वाले अपने परिवार को ज्यादा वक्त देना चाहते हैं. भारत में नौकरी के साथ बहुत ज्यादा यात्रा करनी पड़ती है, इसलिए माना जा रहा है कि टेन डोशेट ऐसी भूमिका की तलाश में हैं जिसमें कम यात्रा करनी पड़े और उन्हें अपने परिवार के साथ ज्यादा वक्त बिताने का मौका मिले.
यह भी पढ़ें: IND vs ENG 1st ODI: इंग्लैंड ने टॉस जीतकर चुनी बैटिंग, पूरी तरह बदली टीम इंडिया; प्लेइंग इलेवन देख उड़ जाएंगे होश