Bihar Heli Tourism: बिहार में हेली टूरिज्म शुरू, सिर्फ ₹2100 में पटना तो ₹6000 में होगी कैमूर की हवाई सैर

cb047b2bda3422deadf26ffb48f6675517840318156521257 original


Bihar Heli Tourism Service Launch 2026: अगर आप बिहार को एक अलग अंदाज में देखना चाहते हैं, तो अब आपके लिए शानदार मौका है. राज्य सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेली टूरिज्म और एयर टूरिज्म सेवा शुरू करने का फैसला लिया है. 15 जुलाई से शुरू होने वाली इस पायलट परियोजना के तहत पर्यटक हेलीकॉप्टर और छोटे विमान के जरिए बिहार के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक कम समय में पहुंच सकेंगे. इसके साथ ही अब आसमान से पटना शहर और कैमूर की खूबसूरत वादियों का नजारा देखने का भी मौका मिलेगा. चलिए आपको बताते हैं कि अगर आपको घूमने जाना है, तो आपको कितना खर्च करना पड़ेगा. 

 पटना से राजगीर के लिए हेलीकॉप्टर

इस योजना के तहत पटना से राजगीर के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जा रही है, जिसमें प्रति यात्री 4,000 रुपये का किराया तय किया गया है. वहीं बिहार के एकमात्र राष्ट्रीय उद्यान और टाइगर रिजर्व वाले वाल्मीकिनगर तक छोटे विमान से यात्रा की सुविधा मिलेगी. इसके लिए प्रति सीट 5,000 रुपये खर्च करने होंगे. अगर आप कैमूर जिले में स्थित प्रसिद्ध मां मुंडेश्वरी मंदिर के दर्शन करना चाहते हैं, तो हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध रहेगी. इस यात्रा का किराया 6,000 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है. इससे सड़क मार्ग की तुलना में यात्रा काफी आसान और समय बचाने वाली होगी. इसके अलावा आपको शानदार व्यू देखने का मजा मिलेगा. 

पटना घूमने के शौकीनों के लिए भी खास इंतजाम

बिहार की राजधानी पटना घूमने के शौकीनों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं. हर सप्ताहांत 10 मिनट की हेलीकॉप्टर जॉय राइड कराई जाएगी. इस दौरान पर्यटक आसमान से पटना शहर का नजारा देख सकेंगे. एक हेलीकॉप्टर में अधिकतम पांच यात्रियों को बैठने की अनुमति होगी और प्रति व्यक्ति किराया 2,100 रुपये रखा गया है. जो लोग पहली बार हेलीकॉप्टर की सवारी करना चाहते हैं, उनके लिए यह अनुभव यादगार साबित हो सकता है.

इसे भी पढ़ें- कम बजट में विदेश जैसी छुट्टियां! गुलमर्ग से खज्जियार तक, ये हैं भारत के खूबसूरत ‘स्विट्जरलैंड’

कौन करेगा इसका संचालन?

अब आते हैं इस मुद्दे पर कि यह पूरा कार्यक्रम किसकी देखरेख में होगा. इस पूरी योजना की बुकिंग, रिफंड और टूर पैकेज का संचालन बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम करेगा, जबकि उड़ानों का संचालन नागरिक उड्डयन निदेशालय की निगरानी में होगा. यात्रियों की सुरक्षा और हेलिपैड की व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन भी जिम्मेदार रहेगा. राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से बिहार के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। हाल के वर्षों में राज्य में आने वाले पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है. ऐसे में हवाई पर्यटन शुरू होने से राजगीर, वाल्मीकिनगर, कैमूर और पटना जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच पहले से अधिक आसान होगी.

इसे भी पढ़ें- Rajasthan Monsoon Travel: मानसून में जन्नत बन जाता है राजस्थान, बारिश के मौसम में जरूर घूमें ये खूबसूरत जगहें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *