गंभीर के फैसलों पर उठे सवाल, आयरलैंड-इंग्लैंड में हार के बाद एबी डिविलियर्स ने टीम इंडिया को सुनाई खरी-खरी

94dcafb93e9cff57df877750b9095b7717593808826471303 original


इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में करारी हार के बाद भारतीय टीम की रणनीतियों और मुख्य कोच गौतम गंभीर पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. इसी बीच दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने भी टीम इंडिया के प्रदर्शन पर खुलकर अपनी राय रखी है. उनका मानना है कि आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की वास्तविक चुनौतियों को समझने की जरूरत है. डिविलियर्स ने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट में हर समय आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी नहीं की जा सकती. यहां खिलाड़ियों को हालात के मुताबिक खुद को ढालना पड़ता है और यही सफल बल्लेबाज की सबसे बड़ी पहचान होती है.

IPL और इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ा अंतर

अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान एबी डिविलियर्स ने कहा कि भारतीय टीम के सामने कई गंभीर चुनौतियां हैं और अब मुख्य कोच गौतम गंभीर की जिम्मेदारी है कि वह टीम को सही दिशा दें. उन्होंने कहा, ‘इस टीम को आगे कैसे बढ़ाना है, इसकी जिम्मेदारी गंभीर पर है और मुझे भरोसा है कि वह ऐसा कर सकते हैं. लेकिन यह हार टीम के लिए एक जरूरी वेक-अप कॉल भी हो सकती है. आईपीएल में लगातार रन बनाने वाले खिलाड़ियों को अब जमीन पर वापस आने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सच्चाई समझने की जरूरत है.’

डिविलियर्स ने आगे कहा कि आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बीच बहुत बड़ा अंतर है. आईपीएल में बल्लेबाजों को कई बार ऐसे गेंदबाज मिल जाते हैं जिनके खिलाफ आसानी से रन बनाए जा सकते हैं, लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट में हर गेंदबाज विश्व स्तरीय होता है. ऐसे में बल्लेबाजों को सिर्फ बड़े शॉट खेलने के बजाय परिस्थिति के अनुसार अपनी पारी बनाना भी सीखना होगा. डिविलियर्स ने कहा, ‘आपको एक या दो गियर से अधिक में खेलना आना चाहिए. आप हमेशा पांचवें गियर में बल्लेबाजी नहीं कर सकते. यहां आपको परिस्थितियों के अनुकूल ढलना होगा.’

डिविलियर्स ने कहा, ‘भारत को 4-0 से हारते देखना काफी मुश्किल था, मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी. लेकिन अनुभव की कमी को देखते हुए यह पूरी तरह से अप्रत्याशित भी नहीं था. ऐसे समय में नेतृत्व और भी महत्वपूर्ण हो जाता है. आपको इस टीम के गठन को लेकर थोड़ा धैर्य रखना होगा. आप रातों-रात नया बुमराह, विराट या रोहित नहीं पा सकते. इसमें समय लगता है. हालांकि, भारतीय टीम और बेहतर खेल सकती थी, और मुझे लगा कि कई मौकों पर उनके पास कोई स्पष्ट गेम प्लान नहीं था.’

यह भी पढ़ें- CSK के नए कोच की तलाश जारी, रविचंद्रन अश्विन ने किसे कहा- उनसे बेहतर कोई नहीं?

गौतम गंभीर की रणनीति पर उठे सवाल

टी20 सीरीज में भारत के खराब प्रदर्शन के बाद गौतम गंभीर के कई फैसले आलोचना के केंद्र में आ गए हैं. टीम चयन और प्लेइंग इलेवन में लगातार बदलाव को लेकर क्रिकेट जगत में बहस छिड़ी हुई है. कई खिलाड़ियों को लगातार मौके मिले, लेकिन वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके.

यह भी पढ़ें- Watch: मेसी से भिड़े, फिर अर्जेंटीना के खिलाड़ी को जड़ा थप्पड़; हार के बाद जूड बेलिंघम ने खोया आपा

इसके बावजूद टीम संयोजन में स्पष्टता की कमी नजर आई. हालांकि डिविलियर्स का मानना है कि सिर्फ कोच को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं होगा. उनके मुताबिक मैदान पर उतरने वाले खिलाड़ियों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और कठिन परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *