NEET UG 2026 Topper: पेपर रद्द होने पर रो पड़े थे आर्यन गुप्ता, फिर 16 घंटे की पढ़ाई से बने ऑल इंडिया टॉपर

67d0757a2f67318b68d6de8f170d04bc17842603579641257 original


डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले लाखों छात्रों के लिए गुरुवार (16 जुलाई) का दिन बहुत बड़ी खबर लेकर आया. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी 2026 के नतीजे घोषित किए. इस एग्जाम में लुधियाना के रहने वाले आर्यन गुप्ता ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल किया. उनके साथ हरियाणा के पंशुल बंसल भी संयुक्त रूप से पहले नंबर पर रहे. दोनों ही छात्रों ने 720 में से 715 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया.

लुधियाना में जश्न का माहौल

एनटीए ने जैसे ही नीट एग्जाम के नतीजे घोषित किए, आर्यन गुप्ता के घर और लुधियाना में खुशी की लहर दौड़ गई. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में आर्यन के घरवाले और जानकार जश्न मनाते नजर आ रहे हैं. आर्यन की इस शानदार कामयाबी पर सिर्फ उनका परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा शहर गर्व महसूस कर रहा है.

आर्यन के लिए आसान नहीं था यह सफर

आर्यन को यह सफलता रातों-रात नहीं मिली. इसके पीछे बेहद कड़ी मेहनत और संघर्ष है. बता दें कि इस साल नीट की परीक्षा कई विवादों में थी. पहले यह परीक्षा 12 मई को हुई थी, लेकिन पेपर लीक होने के शक और अन्य विवादों की वजह से उसे रद्द कर दिया गया.

आर्यन बताते हैं कि जब परीक्षा रद्द होने की खबर आई तो वह टूट गए थे और खूब रोए थे. उन्हें लगा था कि उनकी सारी मेहनत बेकार हो गई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. एमबीबीएस कर रहे उनके बड़े भाई आदित्य ने उन्हें हिम्मत दी. इसके बाद आर्यन ने दोबारा किताबें उठाईं और 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा (Re-test) के लिए दोगुनी मेहनत से पढ़ाई शुरू कर दी.

रोजाना 16 से 17 घंटे करते थे पढ़ाई

अपनी कामयाबी पर आर्यन ने बताया कि वह रोजाना करीब 16 से 17 घंटे पढ़ाई करते थे. हालांकि, उन्होंने खुद को किताबों तक ही सीमित नहीं रखा. जब भी वह लगातार पढ़कर थक जाते थे तो ब्रेक जरूर लेते थे. अपना दिमाग शांत करने के लिए आर्यन सोशल मीडिया इस्तेमाल करते थे. टीवी पर फिल्में देखते थे और परिवार के साथ समय बिताते थे.

कैसी रही आर्यन की पढ़ाई-लिखाई?

आर्यन की स्कूलिंग लुधियाना के सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल से हुई. वह सिर्फ पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि गेम्स में भी काफी आगे रहे. वह स्टेट लेवल के टेबल टेनिस प्लेयर भी रह चुके हैं. उन्होंने 12वीं कक्षा में भी 98.4 प्रतिशत अंक हासिल किए थे.

डॉक्टरों के परिवार से आते हैं आर्यन

आर्यन के खून में ही डॉक्टरी है. उनके पिता डॉ. सचिन गुप्ता एनेस्थेटिस्ट हैं और उनकी मां डॉ. रीनू गुप्ता गायनेकोलॉजिस्ट हैं. उनके बड़े भाई ने पिछले साल नीट की परीक्षा में ऑल इंडिया 54वीं रैंक हासिल की थी. आर्यन ऑन्कोलॉजिस्ट बनना चाहते हैं. दरअसल, जब वह सिर्फ तीन साल के थे, तब कैंसर के कारण उनकी दादी का निधन हो गया था. इस वजह से वह कैंसर के डॉक्टर बनना चाहते हैं.

NEET-UG 2026 के खास आंकड़े

  • इस साल करीब 20 लाख छात्रों ने नीट की परीक्षा दी
  • इनमें से कुल 11.21 लाख स्टूडेंट्स पास हुए
  • पास होने वालों में 58 प्रतिशत से अधिक लड़कियां
  • आर्यन और पंशुल के अलावा 19 छात्रों ने 700 से ज्यादा अंक हासिल किए
  • राजस्थान के उपलक्ष्य गोयल को देश में तीसरी रैंक मिली
  • बिहार के आयुष भालोटिया चौथे स्थान पर रहे
  • महाराष्ट्र की श्रावणी कृष्णा कुडाले ने पांचवीं रैंक हासिल की

ये भी पढ़ें: Re-NEET UG 2026 Result में 11.21 लाख उम्मीदवार पास, पंजाब-हरियाणा के छात्रों ने किया टॉप

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *