एमएस धोनी ने 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, लेकिन क्रिकेट से दूरी के बावजूद उनकी कमाई पर कोई ब्रेक नहीं लगा. आज भी उनकी कमाई के कई बड़े जरिये हैं. इनमें IPL, ब्रांड एंडोर्समेंट और बिजनेस शामिल हैं. इसके अलावा BCCI की तरफ से उन्हें हर महीने पेंशन भी मिलती है. अब सवाल ये है कि आखिर क्रिकेट से संन्यास के बाद धोनी एक महीने में कितने पैसे कमाते हैं?
BCCI से मिलती है 70 हजार रुपये की पेंशन
सबसे पहले बात करते हैं BCCI से मिलने वाली पेंशन की. धोनी ने भारत के लिए 90 टेस्ट मैच खेले हैं. BCCI की मौजूदा पेंशन व्यवस्था के तहत 25 या उससे ज्यादा टेस्ट खेलने वाले पूर्व पुरुष क्रिकेटरों को हर महीने 70,000 रुपये मिलते हैं. इस हिसाब से धोनी भी इस कैटेगरी में आते हैं और उन्हें BCCI से हर महीने 70,000 रुपये पेंशन मिलती है. हालांकि, उनकी कुल कमाई के मुकाबले यह रकम काफी छोटी है.
यह भी पढ़ें- ‘चाहे मैं कितना भी अच्छा करूं, लेकिन…’, दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल से पहले वैभव सूर्यवंशी ने क्यों कहा ऐसा
IPL से भी करोड़ों की कमाई
इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बाद भी धोनी IPL में खेल रहे हैं. 2026 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया है. यानी सिर्फ IPL कॉन्ट्रैक्ट से उन्हें सीजन के लिए 4 करोड़ रुपये मिलते हैं. अगर इस रकम को 12 महीनों के हिसाब से बांटें, तो यह करीब 33.3 लाख रुपये प्रति महीने बैठती है. लेकिन यह सिर्फ समझने के लिए किया गया औसत है, क्योंकि IPL की रकम वास्तव में पूरे सीजन के कॉन्ट्रैक्ट के तौर पर मिलती है. इसके अलावा 2026 IPL में खिलाड़ियों के लिए मैच फीस भी लागू है, इसलिए खेलने वाले मैचों के आधार पर उनकी कमाई अलग हो सकती है.
विज्ञापनों से आती है बड़ी रकम
धोनी की कमाई का एक बड़ा हिस्सा ब्रांड एंडोर्समेंट से आता है. 2026 की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी सालाना आय 75 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है, जिसमें IPL, विज्ञापन और बिजनेस से होने वाली कमाई शामिल है. रिपोर्ट के मुताबिक उनकी 2025-26 की अनुमानित कमाई करीब 95 से 105 करोड़ रुपये है. इसमें ब्रांड एंडोर्समेंट कमाई का बड़ा जरिया बताया गया है. कई रिपोर्ट्स में बताया गया है कि धोनी हर महीने 6-8 करोड़ रुपये कमाते हैं.
यह भी पढ़ें- शर्मनाक हार की कगार पर पाकिस्तान, दूसरे टेस्ट में भी इंग्लैंड की जीत कंफर्म