इंडिया पोस्ट ने ग्रामीण डाक सेवक भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इस भर्ती के तहत ब्रांच पोस्टमास्टर, असिस्टेंट ब्रांच पोस्ट मास्टर और डाक सेवक के कुल 23,757 पदों पर नियुक्ति की जा रही है. भर्ती के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 31 अगस्त से शुरू हो गई है, जबकि ऑनलाइन आवेदन कल यानी 2 सितंबर से भरे जाएंगे. ऐसे में योग्य उम्मीदवार इंडिया पोस्ट की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
10वीं पास के लिए मौका
इंडिया पोस्ट जीडीएस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किस मान्यता प्राप्त बोर्ड से दसवीं कक्षा पास होना जरूरी है. दसवीं में गणित और अंग्रेजी विषय पढ़ना और पास करना अनिवार्य है. इसके अलावा उम्मीदवार ने संबंधित राज्य या पोस्ट के लिए निर्धारित स्थानीय भाषा को भी दसवीं तक पढ़ा होना चाहिए. कुछ राज्यों में स्थानीय भाषा को लेकर अलग प्रावधान है. अरुणाचल प्रदेश, गोवा, सिक्किम और नागालैंड जैसे राज्यों में संबंधित स्थानीय जनजातीय भाषा की जानकारी का प्रमाण भी मांगा जा सकता है.
18 से 40 वर्ष तक आयु सीमा
जीडीएस भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी मिलेगी. एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी को 3 वर्ष और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों को 10 वर्ष तक की छूट दी जाएगी.
मेरिट के माध्यम से होगा चयन
इंडिया पोस्ट जीडीएस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें उम्मीदवारों के चयन के लिए लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं लिया जाएगा. उम्मीदवारों की मेरिट 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी. मेरिट में चयनित उम्मीदवारों को आगे डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा. डॉक्यूमेंट सही पाए जाने के बाद भर्ती की आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. चयन के बाद उम्मीदवारों को निर्धारित एंगेजमेंट प्रक्रिया और बेसिक ट्रेनिंग से भी गुजरना होगा.
कितनी मिलेगी सैलरी?
ग्रामीण डाक सेवक पदों पर चयनित उम्मीदवारों को टाइम रिलेटेड कंटिन्यूटी अलाउंस के तहत पेमेंट किया जाएगा. ब्रांच पोस्टमास्टर के लिए टीआरसीए 12,000 रुपये से 29,380 रुपये तक है. वहीं असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर और डाक सेवक के लिए यह राशि 10,000 रुपये से 24,470 रुपये तक निर्धारित है. जीडीएस पदों पर सामान्य तौर पर काम के घंटे जिम्मेदारी के अनुसार करीब 4 से 5 घंटे रोजाना होते हैं.
किस कैटेगरी के लिए कितनी है आवेदन फीस?
जनरल, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए पुरुष उम्मीदवारों के लिए आवेदन के लिए 100 फीस देनी होगी. वहीं एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी, महिला और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को आवेदन फीस से छूट दी गई है. फीस का पेमेंट ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा.
ये भी पढ़ें-मध्य प्रदेश में ग्रुप-3 के 1700 पदों पर भर्ती, आवेदन हुए शुरू
जीडीएस भर्ती के आवेदन से जुड़ी जरूरी तारीख
इंडिया पोस्ट जीडीएस भर्ती के लिए ओटीआर की प्रक्रिया 31 अगस्त से 19 सितंबर 2026 तक चलेगी. ऑनलाइन आवेदन 2 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक किए जा सकेंगे. आवेदन में सुधार के लिए 23 और 24 सितंबर 2026 को करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी.
ऐसे करें जीडीएस भर्ती के लिए आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले इंडिया पोस्ट के जीडीएस भर्ती पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा. इसके लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की जरूरत होगी. रजिस्ट्रेशन के बाद प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन करना होगा. इसके बाद उम्मीदवार को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, 10वीं कक्षा की शैक्षणिक जानकारी और पसंदीदा पोस्ट पोस्टल डिविजन भरना होगा. निर्धारित प्रारूप में फोटो, सिग्नेचर अपलोड करने होंगे. फोटो जेपीजी-जेपीईजी फॉर्मेट में 30 से 100 केबी और सिग्नेचर 20 से 100 केबी के बीच होना चाहिए. फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी को अच्छी तरह जांच लें. जिन उम्मीदवारों पर आवेदन फीस लागू है, उन्हें फीस का पेमेंट करने के बाद ही आवेदन सबमिट करना होगा.
ये भी पढ़ें-बिहार शिक्षक भर्ती TRE 4.0 का आवेदन टला, आज से शुरू नहीं होगी प्रक्रिया
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI