कभी एलन मस्क से ज्यादा अमीर थे मुकेश अंबानी, फिर कैसे पलट गई बाजी?

5b6d275064e0aa2d7bd24caa7a48e8331791812086115940 original


भारत में स्टारलिंक की लॉन्चिंग को लेकर विवाद गहरा गया है. स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क इसको लेकर पिछले कई दिनों से रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुंकेश अंबानी पर हमलावर हैं. यह मामला देश में सैटेलाइट इंटरनेट सेवा में प्रतिस्पर्धा को लेकर गरमाया हुआ है. एलन मस्क फिलहाल दुनिया के सबसे अमीर आदमी हैं. फोर्ब्स की ग्लोबल रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट में मुकेश अंबानी अरबपतियों में 25वें स्थान पर हैं. यानी एलन मस्क और अंबानी के बीच 24 स्थानों का बड़ा अंतर है. लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि कभी मुकेश अंबानी, एलन मस्क से भी ज्यादा अमीर थे.

आंकड़ों की बात करें तो साल 2020 के जुलाई महीने में, यानी आज से करीब 6 साल पहले बहुत ही कम समय के लिए ऐसा मौका आया था, जब मुकेश अंबानी की संपत्ति एलन मस्क से ज्यादा हो गई थी. उस वक्त रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भारी तेजी और जियो में बड़े निवेशकों के आने की वजह से मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति बढ़कर लगभग 75.9 अरब डॉलर हो गई थी.

इस दौरान उन्होंने बर्नार्ड अर्नाल्ट, वॉरेन बफेट और एलन मस्क जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया था. उस समय एलन मस्क की संपत्ति उनसे कुछ पीछे थी. हालांकि कुछ वक्त के लिए ही ऐसा हुआ था.  

नवंबर 2020 के बाद पलट गई बाजी

ब्लूमबर्ग के आंकड़े बताते हैं कि नवंबर 2020 में एलन मस्क की टेस्ला और स्पेसएक्स के शेयरों में ऐतिहासिक उछाल आने की वजह से एलन मस्क की संपत्ति में भारी बढ़ोतरी हुई और वह तेजी से दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति की रेस में सबसे आगे निकल गए. नवंबर में टेस्ला के S&P 500 में शामिल होने की घोषणा के बाद एलन मस्क की नेटवर्थ तेजी से बढ़कर 170 बिलियन डॉलर से ज्यादा पहुंच गई थी, जबकी इसी वक्त अंबानी की संपत्ति करीब 90 बिलियन डॉलर के आस पास थी.

अब अंबानी-अडानी दोनों को मिलाकर भी आगे हैं एलन मस्क

फोर्ब्स रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, एलन मस्क की कुल संपत्ति, भारत के दो सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी की कुल संपत्ति को मिलाकर भी ज्यादा है. इस वक्त एलन मस्क की संपत्ति एक ट्रिलियन डॉलर है. जबकि मुकेश अंबानी की संपत्ति सिर्फ 78.9 बिलियन डॉलर है, वहीं अडानी की संपत्ति 76 बिलियन डॉलर है. यानी अंबानी और अडानी की संपत्ति को मिला दिया जाए (154.9 बिलियन डॉलर) तो भी दोनों की संपत्ति एलन मस्क से 845.1 बिलियन डॉलर कम है.

गौरतलब है कि वर्तमान में एलन मस्क टेस्ला और स्पेसएक्स के अलावा एक्स (पहले ट्विटर), बोरिंग कंपनी, xAI के मालिक और संस्थापक, न्यूरलार्क और ओपनएआई के सह-संस्थापक हैं.

बता दें कि फोर्ब्स की रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट में मुकेश अंबानी वर्तमान में 25वें और गौतम अडानी 28वें नबंर पर हैं. लेकिन याद रहे कि संपत्ति शेयर कीमतों के साथ रोजाना बदलती रहती है. 

यह भी पढ़ें- मस्क का अंबानी पर तीखा हमला, Starlink महंगा है तो फिर डर किस बात का?



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *