बॉलीवुड में जब भी किसी बड़े धार्मिक महाकाव्य को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश होती है, तो लोगों की उम्मीदें भी उतनी ही बढ़ जाती हैं. ऐसा ही माहौल इन दिनों नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर बना हुआ है. फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं. जहां एक तरफ दर्शक रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में देखने के लिए उत्साहित हैं, वहीं दूसरी तरफ पुरानी ‘रामायण’ की यादें भी लोगों के मन में ताजा हो गई हैं. इसी बीच रामानंद सागर की ‘रामायण’ में माता सीता का किरदार निभा चुकीं दीपिका चिखलिया का एक पोस्ट चर्चा में आ गया है, जिसने इसे दिलचस्प बना दिया है.
दीपिका ने फिल्म की ओर किया इशारा
दीपिका चिखलिया ने अपने सोशल मीडिया पर एक स्टोरी शेयर की, जिसमें लिखा था कि ‘रामायण ऐसी होनी चाहिए कि चाहे कितने भी बड़े बजट यानी 4000 करोड़ रुपये ही क्यों न लगा दिए जाएं, लेकिन उसका असली भाव वैसा ही दोबारा बनाना आसान नहीं होता. इस पोस्ट के सामने आते ही लोगों के बीच बहस शुरू हो गई कि क्या वो रणबीर कपूर की फिल्म की तरफ इशारा है या फिर सिर्फ एक विचार था. हालांकि इसी बीच उन्होंने पहले फिल्म के टीजर की तारीफ भी की थी और कहा था कि प्रोजेक्ट काफी भव्य और शानदार नजर आ रहा है.
दूसरी तरफ रणबीर कपूर, जो इस फिल्म में भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, उन्होंने भी अपने अनुभव शेयर करते हुए बताया कि पहले उन्होंने इस किरदार को निभाने से मना कर दिया था क्योंकि उन्हें लगा कि वो इसके साथ न्याय नहीं कर पाएंगे, लेकिन समय के साथ उन्हें इस रोल के लिए एक जिम्मेदारी और जुड़ाव महसूस हुआ.
फिल्म की भव्यता
बता दें कि इस फिल्म को बड़े लेवल पर बनाई जा रही है और ये दो हिस्सों में बनने वाली फिल्म है, जिसे नितेश तिवारी निर्देशित कर रहे हैं और इसे प्राइम फोकस स्टूडियोज के सहयोग से तैयार किया जा रहा है. इस फिल्म में यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे और साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं. इसके अलावा रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के रूप में दिखाई देंगे. फिल्म को दिवाली 2026 और 2027 में दो भागों में रिलीज करने की प्लानिंग है और इसे आईमैक्स जैसे बड़े फॉर्मेट में दुनिया भर में दिखाया जाएगा.