जापान के नागोया में जारी 2026 एशियाई पैरा खेलों में 19 अक्टूबर (सोमवार) को भारत के रिंकू ने पुरुषों की भाला फेंक F46 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता. इवेंट में सिल्वर मेडल भी भारत के नाम रहा, जिस पर अजीत सिंह ने अपना नाम लिखवाया. गोल्ड जीतने वाले रिंकू ने 65.11 मीटर का थ्रो किया. रिंकू और अजीत में सिर्फ 9 सेंटीमीटर का फर्क रहा. सिल्वर जीतने वाले अजीत महज नौ सेंटीमीटर पीछे रहे. अजीत ने 65.02 मीटर का थ्रो किया. स्पर्धा में इंडोनेशिया के आर सत्योनो ने 55.30 मीटर दूर भाला फेंककर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
यह भारत के लिए पैरा एशियन गेम्स के मौजूदा सीजन में चौथा गोल्ड रहा. चार में से तीन गोल्ड एथलेटिक्स में ही आए हैं. निषाद कुमार ने T47 के लॉन्ग जम्प इवेंट में गोल्ड जीता. सौम्या ने महिलाओं की 1500 मीटर T12/T13 दौड़ में गोल्ड पर कब्जा किया. यह सभी गोल्ड पहले दिन आए हैं.
क्या होती है जैवलिन की F46 कैटेगरी
F46 कैटेगरी उन खिलाड़ियों के लिए है जिनके हाथ में कोहनी के ऊपर या नीचे विच्छेदन हुआ हो या उन्हें इसी तरह की शारीरिक अक्षमता हो.
खेल मंत्री ने जताई खुशी
केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया पर रिंकू का वीडियो शेयर करते हुए खुशी जाहिर की. उन्होंने एक्स पर वीडियो के कैप्शन में लिखा, “भारत के लिए डबल पोडियम. एशियन पैरा गेम्स 2026 में पुरुषों की जैवलिन F46 इवेंट में शानदार प्रदर्शन करने के लिए रिंकू (65.11 मीटर) और अजीत सिंह (65.02 मीटर) को बधाई. यह एक बेहतरीन प्रदर्शन है, जिसने एथलेटिक्स में भारत के शानदार सफर (गोल्ड जीतने के सिलसिले) को मजबूती से आगे बढ़ाया है.”
DOUBLE PODIUM FOR BHARAT! 🇮🇳🥇🥈 Congratulations to Rinku (65.11m) and Ajeet Singh (65.02m) for an absolute masterclass in the Men’s Javelin F46 at the #AsianParaGames2026. A monumental performance that keeps India’s golden run in athletics going strong. #Cheer4Bharat https://t.co/h93ggHb5lF
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) October 19, 2026
पहले दिन भारत के नाम 11 मेडल
भारतीय खिलाड़ियों ने पहले ही दिन 11 मेडल अपने नाम कर लिए हैं. इसमें 4 गोल्ड, 5 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज शामिल हैं. इन पदकों के साथ भारत मेडल टैली में चौथे पायदान पर है. चीन कुल 62 मेडल के साथ पहले पायदान पर है. उनके पास सबसे ज्यादा 26 गोल्ड मेडल हैं. जापान दूसरे नंबर पर है, जिनके पास कुल 27 मेडल हैं. इसमें 8 गोल्ड हैं.
यह भी पढ़ें: चीफ सिलेक्टर प्रज्ञान ओझा की सैलरी जानकार उड़ जाएंगे आपके होश, मिलेंगे इतने करोड़