मोरिंगा से बनाएं टेस्टी बर्गर, स्वाद और सेहत का मिलेगा खजाना

067a73f3a66327f468a3289c4a460ab217925781476931472 original


बर्गर का नाम सुनते ही बच्चों से लेकर बड़ों तक के मुंह में पानी आ जाता है. लेकिन बाजार में मिलने वाले बर्गर में अक्सर ज्यादा सॉस, चीज और कैलोरी वाली चीजें इस्तेमाल की जाती हैं. ऐसे में अगर आप घर पर कुछ नया और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो मोरिंगा बर्गर एक अच्छा विकल्प  है. इसकी पत्तियों में विटामिन और दूसरे पोषक तत्व पाए जाते हैं. आइए जानते हैं, घर पर मोरिंगा बर्गर बनाने का आसान तरीका.

 सामग्री

मोरिंगा बर्गर बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होगी. इसे घर में मौजूद सामान्य सामग्री से तैयार किया जा सकता है. इसके लिए एक कप सहजन की साफ पत्तियां, दो उबले आलू, आधा कप उबले मटर, एक छोटा प्याज, थोड़ा अदरक, हरी मिर्च, नमक, लाल मिर्च पाउडर और गरम मसाला . टिक्की को बांधने के लिए थोड़ा बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स इस्तेमाल लें. इसके अलावा बर्गर बनाने के लिए बन्स, टमाटर, खीरा, प्याज, सलाद के पत्ते और अपनी पसंद की चटनी या सॉस रख लें. चाहें तो बर्गर में थोड़ा दही या पुदीने की चटनी भी डाल सकते हैं. सामग्री की मात्रा अपने स्वाद और जरूरत के हिसाब से लें.

यह भी पढ़ें :बूंदी रायता या फ्रूट रायता, किसमें ज्यादा होते हैं हेल्दी गुण?

तैयार करें मोरिंगा की टिक्की

सबसे पहले सहजन की पत्तियों को अच्छी तरह धो लें. फिर उन्हें थोड़ी देर पानी में उबालकर या हल्का पकाकर पानी निकाल दें और बारीक काट लें. अब एक बर्तन में उबले आलू मैश करें. इसमें सहजन की पत्तियां, उबले मटर, बारीक कटा प्याज, अदरक, हरी मिर्च और सभी मसाले मिला दें. मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं. अगर यह ज्यादा गीला लगे, तो थोड़ा बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स मिलाएं. अब इसकी गोल टिक्कियां बना लें. तवे पर थोड़ा तेल गर्म करें और टिक्कियों को दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें. टिक्कियों को अंदर तक अच्छी तरह पकाएं. आप चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर में भी बना सकते हैं. इस तरह कम तेल में भी स्वादिष्ट टिक्की तैयार हो जाएगी.

बर्गर को ऐसे दें स्वादिष्ट और हेल्दी ट्विस्ट

अब बर्गर बन तैयार करें और उसे बीच से काटकर हल्का सेंक लें. निचले हिस्से पर अपनी पसंद की चटनी या थोड़ी सॉस लगाएं. इसके ऊपर सलाद का पत्ता, मोरिंगा टिक्की, टमाटर, खीरे और प्याज के स्लाइस रखें. चाहें तो थोड़ा दही वाला डिप या पुदीने की चटनी डालकर बर्गर का स्वाद बढ़ा सकते हैं. इसके बाद बर्गर के ऊपरी हिस्से को रख दें. आपका मोरिंगा बर्गर तैयार है. इसे गर्मागर्म परोसें.

 सहजन की पत्तियां बर्गर में पोषक तत्व जोड़ती हैं, जबकि आलू और मटर टिक्की को स्वाद और बनावट देते हैं. ध्यान रखें कि बर्गर कितना हेल्दी होगा, यह उसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री और मात्रा पर भी निर्भर करता है. कम सॉस, सीमित तेल और ज्यादा ताजी सब्जियों का इस्तेमाल करके इसे बेहतर विकल्प बनाया जा सकता है.

यह भी पढ़ें : सिर्फ एक कटोरी बेसन और बगैर सेव बन जाएगी सेव टमाटर की सब्जी, यहां जानें  



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *