- 21 अक्टूबर को विजयादशमी, दुर्गा पूजा हेतु बैंक बंद.
- असम, केरल, बंगाल सहित छह राज्यों में रहेगी छुट्टी.
- उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में बैंक खुले.
- ऑनलाइन बैंकिंग और ATM सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी.
आज बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को जिन भी लोगों का बैंक जाने का प्लान है, उन्हें घर से निकलने से पहले छुट्टियों की लिस्ट देख लेनी चाहिए. अक्टूबर में बैंक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, विजयदशमी और दुर्गा पूजा के अवसर पर असम, कर्नाटक, केरल, सिक्किम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. इन राज्यों में सरकारी और प्राइवेट सेक्टर के सभी बैंक ब्रांच बंद रहेंगे. इनमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, HDFC बैंक, ICICI बैंक और एक्सिस बैंक शामिल हैं.
21 अक्टूबर को क्यों बंद हैं बैंक?
विजयादशमी, जिसे दशहरा के नाम से भी जाना जाता है, हिंदुओं का एक बड़ा त्योहार है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है. रामायण के अनुसार, इसी दिन भगवान राम ने रावण का वध किया था. यही वजह है कि इस दिन भारत के कई हिस्सों में रावण के पुतले जलाए जाते हैं. वहीं, दुर्गा पूजा पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और असम जैसे राज्यों में बहुत उत्साह के साथ मनाया जाता है.
देवी दुर्गा को समर्पित इस त्योहार में जगह-जगह भव्य पंडाल सजाए जाते हैं, सड़कों पर लाइटें लगाई जाती हैं और लोग सभी रीति-रिवाजों के साथ मां की आराधना करते हैं. चूंकि त्योहारों की तारीखें और सरकारी बैंक की छुट्टियां अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग होती हैं इसलिए 21 अक्टूबर को होने वाली छुट्टी पूरे देश में एक समान रूप से लागू नहीं होगी.
आज कहां-कहां बैंक खुले रहेंगे?
आज उत्तर प्रदेश, दिल्ली और एनसीआर (NCR), महाराष्ट्र, बिहार, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बैंक खुले रहेंगे. चूंकि इन राज्यों में दशहरा और नवमी की छुट्टियां 19 और 20 अक्टूबर को ही पूरी हो चुकी हैं इसलिए यहां बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे.
क्या छुट्टियों के दौरान ऑनलाइन बैंकिंग काम करेगी?
ग्राहकों के लिए राहत की बात भले ही बैंक की शाखाएं बंद हों, लेकिन डिजिटल बैंकिंग सेवाएं चालू रहेंगी. ग्राहक जरूरी लेन-देन के लिए इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI का इस्तेमाल कर सकते हैं. कैश निकालने के लिए ATM भी चालू रहेंगे. हालांकि, अगर आपको लॉकर खुलवाना हो या लोन के लिए डॉक्यूमेंट्स जमा कराने हो या फिर अकाउंट कैटेगरी बदलना हो, इनके लिए आपको बैंक खुलने का इंतजार करना होगा. कल यानी कि 22 अक्टूबर (गुरुवार) को बैंक इन 6 राज्यों में सामान्य रूप से खुल जाएंगे.
ये भी पढ़ें:
ब्रिटेन में Apple को झटका, iPhone में सिर्फ Apple Pay नहीं, दूसरे UPI एप्स भी चलेंगे