रुपये में मजबूती, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के कारण बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट आई. अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9% शुद्धता वाला सोना 1,300 रुपये टूटकर 1,49,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया.
वहीं, मंगलवार को पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,50,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, लगातार दो सत्र तक स्थिर रहने के बाद चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. चांदी 1,600 रुपये फिसलकर 2,13,400 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई. सोमवार को इसका भाव 2,15,000 रुपये प्रति किलोग्राम था.
आज कितनी है सोने की कीमत?
22 अक्टूबर 2026 को भारत में 24-कैरेट सोने की कीमत 14,607 रुपये प्रति ग्राम है. वहीं, 22-कैरेट सोने की कीमत 13,389 रुपये प्रति ग्राम, जबकि 18-कैरेट सोने की कीमत 10,955 रुपये प्रति ग्राम है. चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल और पुणे में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने की कीमतें क्रमशः 14,607 और 13,389 रुपये प्रति ग्राम है. दिल्ली में 24 कैरेट सोना 14,622 रुपये प्रति ग्राम और 22 कैरेट का सोना 13,404 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया. वडोदरा और अहमदाबाद में 24 कैरेट सोने की कीमत 14,612 रुपये प्रति ग्राम और 22 कैरेट सोने की कीमत 13,394 रुपये प्रति ग्राम रही.
कल के मुकाबले कितना सस्ता हुआ सोना?
| प्रति 10 ग्राम सोने की कीमत | कल 21 अक्टूबर की कीमत | आज 22 अक्टूबर की कीमत | कितनी आई गिरावट? |
| 24 कैरेट (सभी टैक्स सहित) | 1,50,300 | 1,49,000 | 1,300 रुपये की गिरावट |
| 24 कैरेट (बिना टैक्स औसत भाव) | 1,47,320 | 1,46,230 | 1,090 रुपये की गिरावट |
| 22 कैरेट सोने की कीमत | 1,35,050 | 1,34,050 | 1,000 रुपये की गिरावट |
| 18 कैरेट सोने का भाव | 1,10,520 | 1,09,710 | 810 रुपये की गिरावट |
सोने-चांदी की कीमत पर एक्सपर्ट्स की राय
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक (जिंस और मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ”बुधवार को सोने में कमजोरी रही क्योंकि रुपये में मजबूती से घरेलू कीमतों पर दबाव बना रहा.” उन्होंने कहा कि रुपये में मजबूती और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंकाओं के कारण बाजार का समग्र रुख कमजोर बना हुआ है. बुधवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 48 पैसे की जोरदार बढ़त के साथ 94.43 (अस्थायी) पर बंद हुआ. डॉलर की मांग को नियंत्रित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिला.
पीएल कैपिटल के जिंस प्रमुख आशीष राजोदिया ने कहा कि घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों में भी गिरावट रही. ईरान के साथ शांति समझौते की शुरुआती उम्मीदों से कच्चे तेल की कीमतें नीचे आईं, जिससे कुछ समय के लिए कीमती धातुओं को समर्थन मिला. वैश्विक बाजारों में हाजिर सोना 4,127.68 डॉलर प्रति औंस पर लगभग स्थिर रहा, जबकि चांदी 0.48% गिरकर 57.72 डॉलर प्रति औंस रह गई. ब्रोकरेज मंच कोटक नियो की सहायक उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा, ”हाजिर सोना 4,126 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर कारोबार कर रहा है, जबकि पिछले सत्र में 58.60 डॉलर प्रति औंस तक पहुंचने के बाद चांदी गिरकर 57.10 डॉलर प्रति औंस रह गई.”
ये भी पढ़ें:
DA हाइक पर कल भी नहीं आया फैसला, क्या दीवाली में एरियर संग बढ़कर आएगी सैलरी?