बांग्लादेश ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय स्क्वाड का एलान कर दिया है. निगर सुलताना टीम की कप्तान होंगी, जबकि नाहिदा अख्तर को उपकप्तान बनाया गया है. इंग्लैंड एंड वेल्स की मेजबानी में होने वाला टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट 12 जून से शुरू होकर 5 जुलाई तक चलेगा. चौंकाने वाली बात यह है कि चयनकर्ताओं ने केवल 2 तेज गेंदबाजों को स्क्वाड में शामिल किया है.
बांग्लादेश के पास तेज गेंदबाजों की कमी
मारूफा अख्तर और और फरीहा इस्लाम, केवल इन्हीं 2 तेज गेंदबाजों को वर्ल्ड कप के स्क्वाड में जगह मिली है. विश्व कप इंग्लैंड एंड वेल्स में खेला जाना है, फिर भी सिर्फ 2 तेज गेंदबाजों के चयन ने सवाल खड़े कर दिए हैं. चीफ सेलेक्टर सज्जाद अहमद ने माना कि देश में महिला तेज गेंदबाजों की भारी कमी है.
सज्जाद अहमद ने उम्मीद भी जताई कि पिछले कुछ समय में इंग्लैंड की पिचों पर स्पिनरों को मदद मिली है. उन्होंने यह भी माना कि बांग्लादेश मैनेजमेंट को स्वीकार करना होगा कि उनका पेस अटैक कमजोर है.
टॉप ऑर्डर बल्लेबाज शर्मीन सुल्ताना का चयन नहीं हुआ है, जिनकी जगह ताज नेहर को टीम में लाया गया है. सज्जाद अहमद ने यह भी माना कि केवल बल्लेबाजी का मजबूत होना टीम के लिए चिंता का विषय है. चीफ सेलेक्टर का कहना है कि टीम की खामियों को दूर करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा.
भारत के ग्रुप में है बांग्लादेश
बांग्लादेश को महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उसी ग्रुप में जगह मिली है, जिसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, पकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, नीदरलैंड्स मौजूद हैं. बांग्लादेश अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 14 जून को नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच से करेगा.
बांग्लादेश का वर्ल्ड कप स्क्वाड: निगर सुल्ताना (कप्तान), नाहिदा अख्तर (उप-कप्तान), शर्मिन अख्तर सुप्ता, शोभना मोस्तरी, शोर्ना अख्तर, रितु मोनी, राबेया खान, फाहिमा खातून, फरिहा इस्लाम त्रिस्ना, मारुफा अख्तर, शंजीदा अख्तर माघला, सुल्ताना खातून, दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस, ताज नेहर
यह भी पढ़ें:
बांग्लादेश से पिछड़ा पाकिस्तान, डेब्यू पर Azan Awais का शतक; जानें कैसा रहा पहले टेस्ट का तीसरा दिन