भारतीय क्रिकेट टीम आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप हो गई, जिसमें वैभव सूर्यवंशी को नहीं खिलाए जाने पर कोच और कप्तान की खूब आलोचना हो रही है. इस लिस्ट में सुनील गावस्कर भी शामिल हैं, जो 15 वर्षीय बल्लेबाज का डेब्यू आयरलैंड के खिलाफ देखना चाहते थे. अब उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि बिना देरी किए इंग्लैंड के खिलाफ 1 जुलाई को होने वाले पहले टी20 में वैभव का डेब्यू करवाया जाए.
एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में सुनील गावस्कर ने कहा, “दूसरे मैच में प्रिंस यादव और सूर्यांश शेडगे नए खिलाड़ी थे. प्रिंस ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट चटकाए और सिर्फ एक गेंद खेलने को मिली, जिसमें छक्का लगाया. करीब 1 महीने पहले ही मैंने कहा था कि आयरलैंड में होने वाले दोनों मैचों में वैभव सूर्यवंशी को खिलाया जाना चाहिए, क्योंकि वह शानदार फॉर्म में हैं.”
गावस्कर के अनुसार एक मैच में अभिषेक शर्मा और दूसरे में संजू सैमसन को ड्राप किया जा सकता था. उन्होंने कहा, “एक मैच में आप अभिषेक शर्मा को और दूसरे मैच में संजू सैमसन को खिला लेते, हम ऐसा कर सकते थे लेकिन नहीं किया. जरुरी नहीं कि वैभव सूर्यवंशी होते तो जीत की गारंटी होती, हो सकता था कि वह 10-15 रन पर ही आउट हो जाते. लेकिन अगर हम चाहते थे कि युवा प्लेयर्स को ट्राई करें तो इन दोनों मैच में वैभव को खिला सकते थे.”
यह भी पढ़ें- ‘गौतम गंभीर की कोचिंग में…’, क्या गलती कर रही है टीम इंडिया? पूर्व क्रिकेटर ने बताई
वैभव सूर्यवंशी को इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में मिले मौका
सुनील गावस्कर ने आगे कहा, “इंग्लैंड के खिलाफ 1 जुलाई को होने वाले पहले ही मैच में उन्हें खिलाना होगा, सीधी बात है. आपके ऐसे बल्लेबाज जो फॉर्म में नहीं है, उन्हें बाहर करें और वैभव सूर्यवंशी को मौका दें. जो अभी आपके ओपनर्स हैं, उन्हें 1-2 पर खिलाएं, वैभव को नंबर-3 पर भेज सकते हैं. लेकिन उन्हें पहले ही मैच में मौका देना होगा.”
हालांकि सुनील गावस्कर ने ओपनर्स का बचाव किया, जो आयरलैंड के खिलाफ दूसरे मैच में खाता भी नहीं खोल पाए. उनके अनुसार मिडिल आर्डर के किसी बल्लेबाज को ड्राप कर वैभव सूर्यवंशी को खिलाया जा सकता है. उन्होंने कहा, “आपकी जो ओपनिंग जोड़ी है, उन्होंने पिछले एक डेढ़ साल में बेहतर प्रदर्शन किया है तो उन्हें 2 मैचों के बाद बाहर करना तो ठीक नहीं है.”
यह भी पढ़ें- क्या गौतम गंभीर की जिद टीम इंडिया पर पड़ गई भारी? वैभव सूर्यवंशी को टीम में शामिल नहीं करने पर उठ रहे सवाल
गावस्कर ने कहा, “संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा तो ठीक है, लेकिन मिडिल आर्डर के किसी बल्लेबाजी को ड्राप कर वैभव सूर्यवंशी को मौका दीजिए. इंग्लैंड को पहले मैच में झटका देने के लिए ये जरुरी है. क्योंकि अगर वह पहले मुकाबले में चले तो इंग्लैंड टीम हिल जाएगी. अभी आयरलैंड सीरीज के बाद इंग्लैंड थोड़ी ओवरकॉन्फिडेंस हो सकती है. जिस तरह आयरलैंड ने हमारी टीम के ओवरकॉन्फिडेंस का फायदा उठाया, हम इंग्लैंड का उठा सकते हैं.”