
इंडियन एयरफोर्स ने ग्रुप Y नॉन-टेक्निकल मेडिकल असिस्टेंट इनटेक 02/2027 के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है. उम्मीदवार 6 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि आवेदन की लास्ट डेट 26 जुलाई 2026 तय की गई है. इस भर्ती के लिए आवेदन केवल इंडियन एयरफोर्स की आधिकारिक वेबसाइट iafrecruitment.edcil.co.in पर ही किए जा सकते हैं. एयरफोर्स ने इस भर्ती में पदों की कुल संख्या जारी नहीं की है.

इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों ने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास किया होना चाहिए. उम्मीदवार के पास फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और इंग्लिश विषय होने चाहिए और कम से कम 50 प्रतिशत नंबर होने जरूरी हैं. इसके साथ ही इंग्लिश विषय में भी कम से कम 50 प्रतिशत नंबर होने चाहिए. अगर किसी उम्मीदवार ने इन्हीं विषयों के साथ दो साल का वोकेशनल कोर्स किया है, तो वह भी आवेदन कर सकता है. उसके लिए भी 50 प्रतिशत नंबरों की शर्त लागू रहेगी.

मेडिकल असिस्टेंट ट्रेड में आवेदन करने वाले उम्मीदवारों ने 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और इंग्लिश विषयों के साथ कम से कम 50 प्रतिशत नंबर प्राप्त किए हों. साथ ही डिप्लोमा, बीफार्मा या बीएससी फार्मेसी में भी कम से कम 50 प्रतिशत नंबर होने चाहिए. इसके अलावा उम्मीदवार का फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया या स्टेट फार्मेसी काउंसिल में मान्य रजिस्ट्रेशन होना जरूरी है. 12 वीं पास आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की जन्मतिथि 1 जुलाई 2006 से 1 जुलाई 2010 के बीच होनी चाहिए.वहीं डिप्लोमा, बीफार्मा और बीएससी फार्मेसी वाले उम्मीदवारों की जन्मतिथि 1 जुलाई 2003 से 1 जुलाई 2006 के बीच होनी चाहिए.

इंडियन एयरफोर्स में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा. सबसे पहले लिखित परीक्षा होगी, जिसमें इंग्लिश, रीजनिंग और जनरल अवेयरनेस (RAGA) से प्रश्न पूछे जाएंगे. हर सही उत्तर के लिए 1 अंक मिलेगा, जबकि गलत जवाब देने पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी. लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को फिजिकल फिटनेस टेस्ट (PFT) देना होगा. इसमें 1.6 किलोमीटर की दौड़, 1 मिनट में 10 पुश-अप्स, 1 मिनट में 10 सिट-अप्स और 20 स्क्वैट्स पूरे करने होंगे. 21 वर्ष तक के उम्मीदवारों को दौड़ पूरी करने के लिए 7 मिनट, जबकि इससे अधिक उम्र के उम्मीदवारों को 7 मिनट 30 सेकंड का समय मिलेगा. इन दोनों चरणों में सफल होने के बाद उम्मीदवारों का मेडिकल एग्जामिनेशन होगा, जिसमें ब्लड, यूरिन, बायोकेमिस्ट्री समेत अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांच की जाएंगी.

ट्रेनिंग के दौरान चयनित उम्मीदवारों को 14,600 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा. ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवारों को मिलिट्री सर्विस पे (MSP) के तहत 26,900 रुपये प्रति माह वेतन मिलेगा. इसके अलावा अन्य तय भत्ते भी दिए जाएंगे. इस भर्ती में आवेदन करने के लिए सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों को 550 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा, जिसका भुगतान ऑनलाइन किया जा सकता है.

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए सबसे पहले iafrecruitment.edcil.co.in वेबसाइट पर जाएं. होमपेज पर Online Registration Link पर क्लिक करें. नए उम्मीदवार पहले Sign Up करके रजिस्ट्रेशन पूरा करें. इसके बाद रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से लॉग इन करें. आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत, शैक्षणिक और अन्य जरूरी जानकारी भरें. 12वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें.आवेदन शुल्क का भुगतान करें. आखिर में फॉर्म सबमिट करके उसका प्रिंट अपने पास सुरक्षित रख लें.
Published at : 10 Jul 2026 04:54 PM (IST)