देश में आयोजित होने वाली कई बड़ी परीक्षाओं में गड़बड़ी के मामले सामने आने के बाद अब NEET PG परीक्षा में भी लापरवाही का मामला सामने आया है. जयपुर के सीतापुरा केंद्र पर NEET PG एग्जाम के दौरान सर्वर में अचानक गड़बड़ी आ गई, जिसके बाद अभ्यर्थियों में परीक्षा में दिक्कत का सामना करना पड़ा. जानकारी के मुताबिक, अभ्यर्थियों ने एग्जामिनेशन हॉल से बाहर निकलकर परीक्षा कराने वाली एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की. मामला बढ़ता देख नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने परीक्षा को रद्द कर दिया है.
NBEMS की ओर से नोटिस जारी करके परीक्षा की नई तारीख का भी ऐलान कर दिया गया है. सूचना के मुताबिक, अब इस सेंटर पर 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. यह परीक्षा दोपहर 3 बजे से आयोजित की जाएगी. इसके साथ ही NBEMS ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को हुई परेशानी पर खेद भी जताया है.
एक घंटे में तीन बार आई सर्वर में दिक्कत
जानकारी के मुताबिक, नीट पीजी की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को एक घंट में तीन बार सर्वर में दिक्कत का सामना करना पड़ा. बार-बार गड़बड़ी होने के बाद छात्र परीक्षा केंद्र से बाहर आ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. प्रशासन का कहना है कि बड़ी संख्या में छात्रों के बाहर आने से परीक्षा की गोपनीयता भंग हुई, क्योंकि कई छात्रों ने इस दौरान सवालों को भी डिस्कस किया, जिससे पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो चुकी है. ऐसे में कई छात्रों ने परीक्षा रद्द कर दोबारा परीक्षा कराए जाने की मांग की.
अलग से एडमिट कार्ड होंगे जारी
इधर, नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज ने परीक्षा रद्द कर नई तारीख का ऐलान कर दिया है. बोर्ड ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को दोपहर 3 बजे जयपुर में दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है. बोर्ड की ओर से कहा गया है कि दोबारा परीक्षा केंद्र समेत अन्य जानकारी अलग से जारी की जाएगी, साथ ही संशोधित एडमिट कार्ड भी जारी किए जाएंगे.
देशभर में आयोजित हो रही परीक्षा
बता दें, एनबीईएमएस के अनुसार 30 अगस्त को देशभर में 2,73,096 पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए 1111 केंद्रों पर नीट -पीजी 2026 परीक्षा आयोजित की गई. इनमें से 2,65,980 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए और लगभग 2,63,535 अभ्यर्थियों की परीक्षा पूरी हुई. एनबीईएमएस ने कहा है कि जयपुर के आईओएन डिजिटल जोन आईडीजी सीतापुर के टीसी नंबर 41682 एवं 41683 पर केंद्र में आंतरिक तकनीकी समस्या के कारण सर्वर डाउन होने से परीक्षा पूरी नहीं हो सकी.
यह भी पढ़ें : पेपर लीक रोकने के लिए आप कैसे दे सकते हैं सुझाव? जान लें तरीके
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI