IPL 2027 में धोनी बन सकते हैं CSK के मेंटॉर, कोच की तलाश अब भी जारी

251cb7dc3a5b865231bb2e377f1fb3621788243986484975 original


MS Dhoni CSK IPL 2027: महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2027 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे या नहीं, इसे लेकर अभी तक तस्वीर साफ नहीं हुई है. चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथन ने धोनी के भविष्य को लेकर दरवाजे खुले रखे हैं. हालांकि सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक धोनी का आईपीएल 2027 में बतौर खिलाड़ी मैदान पर उतरना मुश्किल नजर आ रहा है. अगर धोनी अगले सीजन नहीं खेलते हैं तो वह चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मेंटॉर की भूमिका में जुड़े रह सकते हैं.

धोनी ने अभी तक नहीं किया खेलने से इनकार

महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता आईपीएल के पहले सीजन से चला आ रहा है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 45 साल के धोनी आईपीएल 2027 में भी खिलाड़ी के तौर पर टीम का हिस्सा होंगे?

चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथन ने धोनी के भविष्य पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि उनकी तरफ से अभी तक अगले सीजन में खेलने से इनकार नहीं किया गया है. इससे पहले भी विश्वनाथन कह चुके हैं कि चेन्नई सुपर किंग्स में धोनी के भविष्य का फैसला खुद पूर्व भारतीय कप्तान को ही करना है. फ्रेंचाइजी चाहती है कि धोनी किसी न किसी भूमिका में टीम के साथ जुड़े रहें. हालांकि सूत्रों के मुताबिक इस बात की संभावना काफी ज्यादा है कि आईपीएल 2027 में धोनी बतौर खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में नजर न आएं.

घुटने की समस्या धोनी के लिए बड़ी चुनौती

धोनी के भविष्य को लेकर सबसे बड़ी चिंता उनकी फिटनेस और खासतौर पर घुटने की समस्या है. बढ़ती उम्र के साथ उनके लिए पूरे आईपीएल सीजन की तैयारी करना आसान नहीं रह गया है.
आईपीएल 2026 में धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक भी मैच नहीं खेल पाए थे. हालांकि पूरे सीजन वह टीम के साथ जुड़े रहे और डगआउट से खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते नजर आए. टीम मैनेजमेंट ने भी उनके ऑफ-फील्ड योगदान को काफी महत्वपूर्ण माना था.

धोनी के सामने एक और चुनौती नियमित प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेलना है. इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह घरेलू क्रिकेट या दुनिया की किसी दूसरी टी20 लीग में नहीं खेलते हैं. ऐसे में आईपीएल शुरू होने से पहले लंबे समय तक मैच प्रैक्टिस नहीं मिल पाती है. उम्र और फिटनेस को देखते हुए एक और आईपीएल सीजन के लिए खुद को तैयार करना उनके लिए आसान नहीं होगा.
इन्हीं वजहों से सूत्रों का मानना है कि धोनी आईपीएल 2027 में खिलाड़ी के बजाय नई भूमिका में दिखाई दे सकते हैं.

CSK के मेंटॉर बन सकते हैं धोनी

सूत्रों के मुताबिक अगर धोनी आईपीएल 2027 में बतौर खिलाड़ी मैदान पर नहीं उतरते हैं तो चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें मेंटॉर की भूमिका दे सकती है. धोनी पहले से ही टीम की रणनीति और युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं. आईपीएल 2026 में नहीं खेलने के बावजूद धोनी टीम के साथ मौजूद रहे थे और तत्कालीन हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने भी उनके ऑफ-फील्ड योगदान को महत्वपूर्ण बताया था.

ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स भविष्य की टीम तैयार करने के लिए धोनी के अनुभव का इस्तेमाल मेंटॉर के तौर पर कर सकती है. हालांकि धोनी के मेंटॉर बनने को लेकर फ्रेंचाइजी की तरफ से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद नए कोच की तलाश

चेन्नई सुपर किंग्स में इस समय सिर्फ धोनी के भविष्य को लेकर ही सवाल नहीं है बल्कि फ्रेंचाइजी को नए हेड कोच की भी तलाश है. स्टीफन फ्लेमिंग और चेन्नई सुपर किंग्स ने जुलाई 2026 में आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था. इसके साथ ही फ्रेंचाइजी के साथ फ्लेमिंग का करीब 18 साल लंबा रिश्ता खत्म हो गया.

फ्लेमिंग 2009 से चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच थे. उनके कार्यकाल में CSK ने पांच आईपीएल खिताब जीते और वह टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे सफल कोच में शामिल रहे. CSK छोड़ने के बाद फ्लेमिंग इंग्लैंड की रेड-बॉल टीम के कोच की भूमिका में आगे बढ़ चुके हैं. ऐसे में आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई को नए हेड कोच की नियुक्ति करनी होगी.

हेमंग बदानी का नाम रेस में

चेन्नई सुपर किंग्स के नए हेड कोच को लेकर कई नाम चर्चा में हैं। इनमें भारत के पूर्व क्रिकेटर हेमंग बदानी का नाम भी प्रमुखता से सामने आया है. बदानी के पास आईपीएल में कोचिंग का अनुभव है और उनका चेन्नई क्रिकेट से भी गहरा नाता रहा है. हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स ने अभी तक अपने अगले हेड कोच के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. ऐसे में आने वाले समय में फ्रेंचाइजी के नए कोच को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है.

अगर धोनी मेंटॉर की जिम्मेदारी संभालते हैं तो भी CSK को अलग से हेड कोच नियुक्त करना होगा. यानी धोनी के संभावित मेंटॉर बनने और टीम के नए हेड कोच की नियुक्ति को दो अलग-अलग भूमिकाओं के तौर पर देखा जा रहा है.

धोनी ने मांगी थी CSK में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी?

पिछले कुछ दिनों में महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स के रिश्ते को लेकर एक और बड़ी चर्चा सामने आई थी. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि धोनी फ्रेंचाइजी में हिस्सेदारी चाहते हैं. एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि धोनी ने शुरुआत में CSK में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी लेने की इच्छा जताई थी, जबकि फ्रेंचाइजी की तरफ से काफी कम हिस्सेदारी की पेशकश की गई. रिपोर्ट में आगे दावा किया गया कि धोनी बाद में 20 प्रतिशत और फिर 18 प्रतिशत तक आने के लिए तैयार हुए, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाई.

हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स के CEO काशी विश्वनाथन ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. विश्वनाथन ने धोनी के फ्रेंचाइजी में हिस्सेदारी मांगने की खबरों को ‘पूरी तरह आधारहीन’ बताया. यानी CSK की तरफ से साफ कर दिया गया है कि धोनी और फ्रेंचाइजी के बीच हिस्सेदारी को लेकर गतिरोध की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है.

अब सबसे ज्यादा नजर धोनी के उस फैसले पर रहेगी, जो आईपीएल 2027 में उनकी भूमिका तय करेगा. धोनी खिलाड़ी के तौर पर एक और सीजन खेलेंगे या मैदान के बाहर से चेन्नई सुपर किंग्स को नई दिशा देंगे, इसका आधिकारिक जवाब फिलहाल आना बाकी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *