How To Prevent Food Sticking To Pan: खाना बनाते समय छोटी सी गलती भी पूरी डिश का स्वाद बिगाड़ सकती है. कभी सब्जी ज्यादा पक जाती है, तो कभी नीचे से जलने लगती है. इनमें एक आम परेशानी है कढ़ाई या पैन की तली में सब्जी का चिपकना. सब्जी अगर बार-बार नीचे चिपकने लगे तो न सिर्फ उसका स्वाद और खुशबू खराब होती है, बल्कि चिपकी हुई सब्जी को खुरचकर निकालने में बर्तन की सतह को भी नुकसान पहुंच सकता है.
ऐसे में बहुत से लोग सब्जी को चिपकने से रोकने के लिए कढ़ाई में ज्यादा तेल डाल देते हैं. लेकिन हर बार ज्यादा तेल डालना जरूरी नहीं है. खाना पकाते समय कुछ छोटी बातों का ध्यान रखकर भी इस परेशानी को कम किया जा सकता है. इसके लिए आप इन आसान तरीकों को आजमा सकते हैं.
कढ़ाई को अच्छी तरह ग्रीस करें
कढ़ाई में सब्जी चिपकने से रोकने के लिए सबसे पहले उसे अच्छी तरह ग्रीस करना जरूरी है. इसका मतलब यह नहीं है कि आपको बहुत ज्यादा तेल या घी डालना है. खाने की मात्रा के हिसाब से 1 से 2 चम्मच तेल भी काफी हो सकता है. तेल को कढ़ाई में डालने के बाद उसे अच्छी तरह चारों तरफ फैला दें. कोशिश करें कि कढ़ाई की तली के साथ-साथ किनारों पर भी तेल की हल्की परत लग जाए. इसके लिए आप सिलिकॉन ब्रश की मदद भी ले सकते हैं. मकसद सिर्फ इतना है कि कढ़ाई की सतह पर तेल की एक समान परत हो, जिससे सब्जी सीधे बर्तन की सतह से न चिपके.

थोड़ा पानी भी आ सकता है काम
अगर आप ऐसी सब्जी या डिश बना रहे हैं जिसमें पानी डाला जाता है, तो यह तरीका काफी काम आ सकता है. तड़का तैयार करने के बाद इसमें जरूरत के हिसाब से पानी डाल सकते हैं. जीरा, प्याज और मसालों से तड़का तैयार करने के बाद पानी डालने से मसाले और बाकी सामग्री कढ़ाई की तली में चिपकने से बच सकती है. इतना ही नहीं, अगर आप ऐसी सब्जी बना रहे हैं जिसमें ज्यादा पानी नहीं डाला जाता, तब भी जरूरत पड़ने पर कुछ चम्मच पानी डाल सकते हैं. इससे तली में मौजूद सामग्री को ज्यादा देर तक सूखकर चिपकने से बचाने में मदद मिल सकती है.
टमाटर की प्यूरी आएगी काम
कई भारतीय सब्जियों और करी में टमाटर का इस्तेमाल किया जाता है. अगर आपकी सब्जी में टमाटर पड़ता है, तो कटे हुए टमाटर की जगह टमाटर की प्यूरी का इस्तेमाल किया जा सकता है. टमाटर की प्यूरी एक तरह की स्लरी की तरह काम करती है. इससे सब्जी की बाकी सूखी सामग्री सीधे कढ़ाई की तली पर चिपकने के बजाय इसके साथ मिलती रहती है. खासकर ऐसी डिश में जहां ज्यादा पानी नहीं होता, टमाटर की प्यूरी यह परेशानी कम करने में मदद कर सकती है.

कढ़ाई और तेल को पहले गर्म करें
सब्जी पकाने से पहले सिर्फ तेल को गर्म करना ही नहीं, बल्कि कढ़ाई को भी अच्छी तरह गर्म करना जरूरी है. पहले कढ़ाई को गर्म करें और इसके बाद उसमें तेल डालें. तेल को भी कुछ देर गर्म होने दें. जब कढ़ाई और तेल अच्छी तरह गर्म हो जाएं, तब इसमें सब्जी या बाकी सामग्री डालें. अच्छी तरह गर्म और ग्रीस की हुई कढ़ाई खाने को पकाने में मदद करती है और सामग्री के तली से चिपकने की समस्या कम हो सकती है. गर्म तेल की एक परत कढ़ाई और खाने के बीच एक तरह की परत का काम करती है, जिससे खाना सीधे सतह के संपर्क में कम आता है.
इसे भी पढ़ें: Rust On Iron Kadhai: लोहे की कढ़ाई में लग रही जंग, जान लें बचाने का तरीका
सब्जी को बीच-बीच में चलाते रहें
सब्जी को चिपकने से रोकने का एक आसान तरीका है उसे बीच-बीच में चलाते रहना. अगर सब्जी को लंबे समय तक बिना चलाए छोड़ दिया जाए, तो उसके नीचे की सामग्री एक ही जगह पर जमा हो सकती है और धीरे-धीरे तली से चिपकने लगती है. सब्जी को जरूरत के हिसाब से बीच-बीच में चलाते रहें. हालांकि इसके लिए बर्तन के हिसाब से सही चम्मच का इस्तेमाल करना भी जरूरी है. धातु के बर्तन में धातु का चम्मच चलाने से खुरचने की समस्या हो सकती है. इसी तरह नॉन-स्टिक बर्तन में भी मेटल स्पून का इस्तेमाल सतह को नुकसान पहुंचा सकता है. इसलिए लकड़ी के चम्मच का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प हो सकता है.
इसे भी पढ़ें: How To Store Potatoes: आलू में निकलने लगे हैं अंकुर? महीनों तक ताजा रखने के आसान हैक्स