‘1000 बार माफी मांग सकता हूं’, कन्नड़ गाने की मांग को लेकर दिए बयान पर बोले सोनू निगम

ae2d3b133ebcdcbe2efe10a5909d26d517924808249371296 original


कन्नड़ गाने की मांग की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से करने वाले बयान पर सिंगर सोनू निगम ने कर्नाटक के लोगों से माफी मांगी है. सोनू ने वीडियो शेयर कर अपनी बात रखी.  उन्होंने कहा कि कर्नाटक के लोगों से वे बहुत प्यार करते हैं  और अगर उनके शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वो इसके लिए माफी चाहते हैं.

वीडियो में, सोनू ने कर्नाटक के लोगों को अपना परिवार बताया और कहा कि वो नहीं चाहते कि किसी गलतफहमी की वजह से उनके रिश्ते खराब हो.

वीडियो में सोनू निगम ने कहा,  ‘मेरे प्यारे कर्नाटक परिवार, मेरे अपने कन्नड़ लोगों. मेरी सच्चाई मुझे, मेरे भगवान को और उस शाम कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को पता है. इसके बावजूद मेरी श्री नारायण गौड़ा जी से अच्छी बातचीत हुई. वह एक शानदार इंसान हैं और हमारे बीच बहुत ही गर्मजोशी और सम्मान के साथ बातचीत हुई. मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं.’

माफी मांगने की वजह बताते हुए सिंगर ने आगे कहा, ‘जब आप किसी से प्यार करते हैं और उस रिश्ते को बनाए रखना चाहते हैं, तो आपको 1000 बार भी माफी मांगने में कोई परेशानी नहीं होती. इसलिए मेरे प्यारे परिवार, अगर मेरी किसी बात से अनजाने में आपको ठेस पहुंची है, तो मैं उसके लिए दिल से माफी मांगता हूं.’

‘मैं आप सभी से प्यार करता हूं’
सोनू निगम ने आगे कहा कि कर्नाटक के लोगों ने उन्हें पिछले 30 सालों से बहुत प्यार और सम्मान दिया है. उन्होंने कहा, ‘आप जानते हैं कि मैं ऐसा इंसान नहीं हूं, जो कभी किसी को दुख पहुंचाए, खासकर कर्नाटक में रहने वाले अपने परिवार को. पिछले 30 सालों में आपने मुझे इतना प्यार और सम्मान दिया है. मैं नहीं चाहता कि कोई छोटी-सी गलतफहमी हमारे रिश्ते पर दाग लगाए या हमारे बीच कड़वाहट पैदा करे. आप सभी को ढेर सारा प्यार. भगवान आप सब पर अपनी कृपा बनाए रखें. मैं आप सभी से प्यार करता हूं.’

क्या था पूरा विवाद?
बता दे, ये विवाद अप्रैल 2025 में शुरू हुआ था, जब सोनू निगम बेंगलुरु के ईस्ट पॉइंट इंजीनियरिंग कॉलेज में एक म्यूजिकल इवेंट में परफॉर्म कर रहे थे. इस दौरान ऑडियंस में मौजूद कुछ लोग उनसे बार-बार कन्नड़ गाना गाने की मांग कर रहे थे.

सिंगर ने स्टेज से इस मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कन्नड़ गाने की जिद की तुलना पहलगाम आतंकी हमले से कर दी थी. उनके इस बयान के बाद कन्नड़ लोगों और कन्नड़ समर्थक संगठनों ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि सोनू ने उनकी भाषा और भावनाओं का अपमान किया है.

इसके बाद कर्नाटक रक्षणा वेदिके (KRV) ने बेंगलुरु के अवलहल्ली पुलिस स्टेशन में सिंगर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई. विवाद बढ़ने पर सोनू ने एक वीडियो जारी कर अपने बयान पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि ऑडियंस में मौजूद कुछ युवक आक्रामक व्यवहार कर रहे थे और कन्नड़ गाना गाने की मांग करते हुए उन्हें धमकाने की कोशिश कर रहे थे. सिंगर ने स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणी उन युवकों के व्यवहार को लेकर थी, न कि सभी कन्नड़ लोगों के लिए.

हालांकि, उनकी सफाई से लोगों की नाराजगी कम नहीं हुई और विवाद जारी रहा. 24 अक्टूबर 2026 को बेंगलुरु में होने वाले सोनू के कॉन्सर्ट से पहले ये मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया. 

खत्म हुआ विवाद
अब कर्नाटक रक्षणा वेदिके के प्रदेश अध्यक्ष टीए नारायण गौड़ा ने कहा कि माफी मिलने के बाद संगठन अपना विरोध प्रदर्शन वापस लेगा. नारायण गौड़ा ने अपने एक्स पर सोनू निगम का माफी वाला वीडियो शेयर किया. उन्होंने कहा कि सोनू को समझ आ गया है कि उनके पहले दिए बयान से कन्नड़ लोगों को ठेस पहुंची थी. इसी वजह से सिंगर ने बिना किसी शर्त के माफी मांगी है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *