CNG Price Hike: आज शनिवार की सुबह ही आम लोगों को महंगाई का बड़ा झटका लगा है. दिल्ली-NCR में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के बीच अब CNG भी महंगी हो गई है. 10 दिनों में तीसरी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के बाद आम लोगों को महंगाई की डबल डोज मिली है. दिल्ली में एक बार फिर CNG की कीमत में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है. कल CNG का रेट 80.09 पैसे था आज 81.09 पैसे हो गया है. नए दाम लागू होने के बाद अब दिल्ली में CNG की कीमत 81.09 रुपये प्रति किलो हो गई है.
बता दें कि पिछले 10 दिनों में लगातार तीसरी बार बढ़े दाम. इससे पहले 15 मई को CNG 2 रुपये प्रति किलो महंगी हुई थी और फिर 17 मई को 1 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया था. अब एक बार फिर दाम बढ़ने से लोगों की जेब पर असर साफ दिखाई देने लगा है.
मई में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, आम आदमी के बजट पर बढ़ा दबाव
नोएडा-गाजियाबाद में और ज्यादा कीमत
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा में CNG की कीमत 89.70 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है. वहीं अगर हरियाणा के गुरुग्राम की बात करें तो ग्राहकों को एक किलो CNG के लिए 86.12 रुपये चुकाने होंगे. वहीं राजस्थान के अजमेर में CNG का रेट 90.44 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है, जो अब तक का रिकॉर्ड स्तर माना जा रहा है. CNG के दाम बढ़ने से सबसे ज्यादा असर ऑटो,कैब, टैक्सी और निजी वाहन चालकों पर पड़ेगा.
मिडिल ईस्ट संकट का असर
एक्सपर्ट्स का कहना है कि CNG के दाम में लगातार बढ़ोतरी की बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ता ऊर्जा संकट है. मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव की वजह से गैस और तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है. इसका असर दुनियाभर के बाजारों पर पड़ रहा है. बढ़ती लागत का बोझ अब तेल कंपनियां धीरे-धीरे आम लोगों पर डाल रही हैं.
तेल कंपनियों को हो रहा भारी नुकसान
सरकारी तेल कंपनियां जैसे, इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम इन दिनों भारी नुकसान झेल रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये कंपनियां हर दिन लगभग 1 हजार करोड़ रुपये का घाटा उठा रही हैं. साथ ही कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार से महंगे दाम पर कच्चा तेल और गैस खरीद रही हैं, लेकिन लंबे टाइम तक सरकार की तरफ से कीमतें बढ़ाने की अनुमति नहीं मिलने की वजह से उन्हें नुकसान उठाना पड़ा.
एलआईसी ने जीवन साथी ब्रांड के तहत दो नई योजनाएं की शुरू, जानें निवेश पर मिलेगा कितना रिटर्न?
आम लोगों पर बढ़ेगा असर
बता दें कि CNG महंगी होने का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा. इसका असर ऑटो, टैक्सी और ट्रांसपोर्ट का खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है. ऐसे में आने वाले टाइम में महंगाई और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.