How To Keep Plants Green While Away From Home: गर्मी के मौसम में अगर कुछ दिनों के लिए घर से बाहर जाना पड़े तो सबसे बड़ी चिंता घर के पौधों और गार्डन की होती है. तेज धूप और गर्म हवाओं में कुछ ही दिनों की लापरवाही पौधों को सूखा सकती है. खासकर इन दिनों जब कई शहरों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, तब बिना देखभाल के पौधों का हरा-भरा रहना मुश्किल हो जाता है. हालांकि कुछ आसान तरीकों को अपनाकर आप छुट्टियों से लौटने तक अपने गार्डन को ताजा और सुरक्षित रख सकते हैं.
पौधों का कैसे रख सकते हैं ध्यान?
गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बाहर जाने से पहले पौधों को अच्छी तरह पानी देना सबसे जरूरी कदम है. अगर मिट्टी में पर्याप्त नमी हो तो ज्यादातर पौधे करीब एक हफ्ते तक आसानी से सर्वाइव कर सकते हैं. ध्यान रखें कि पानी देने के बाद पौधों को ऐसी जगह रखें जहां सीधी धूप कम पहुंचे. लगातार धूप पड़ने से मिट्टी का पानी जल्दी सूख जाता है और पौधे मुरझाने लगते हैं. इंडोर और आउटडोर दोनों तरह के पौधों को कुछ दिनों के लिए छांव या ठंडी जगह पर रखना बेहतर माना जाता है.
पानी का रखें ध्यान
एक्सपर्ट बताते हैं कि पौधों को जरूरत से ज्यादा पानी देना भी नुकसान पहुंचा सकता है. अधिक पानी की वजह से जड़ों में सड़न यानी रूट रॉट की समस्या हो सकती है. इसलिए मिट्टी में सिर्फ उतनी ही नमी रखें जितनी पौधों के लिए जरूरी हो. कुछ लोग बाहर जाने से पहले गमलों को कुछ देर पानी से भरे टब या सिंक में रखते हैं ताकि मिट्टी अच्छी तरह नमी सोख ले. लगभग आधे घंटे बाद अतिरिक्त पानी निकाल देना चाहिए.
सेल्फ-वॉटरिंग ट्रिक
अगर आप कुछ ज्यादा दिनों के लिए बाहर जा रहे हैं तो सेल्फ-वॉटरिंग ट्रिक काफी काम आ सकती है. इसके लिए सूती कपड़ा या प्राकृतिक फाइबर वाली रस्सी का इस्तेमाल किया जा सकता है. रस्सी का एक सिरा पानी से भरे बर्तन में रखें और दूसरा सिरा मिट्टी में 2 से 3 इंच अंदर दबा दें. कपड़ा धीरे-धीरे पानी सोखकर मिट्टी तक पहुंचाता रहेगा, जिससे पौधों को लगातार नमी मिलती रहेगी.
इसे भी पढ़ें: Healthy Milk Choice: फुल क्रीम मिल्क और टोंड दूध में क्या अंतर होता है? खरीदने से पहले जान लें
पौधों की मिट्टी को ढंकना
एक और जरूरी तरीका है पौधों की मिट्टी को ढंकना. एक्सपर्ट्स के अनुसार, मिट्टी के ऊपर पीट, कम्पोस्ट या मल्च की पतली परत बिछाने से नमी लंबे समय तक बनी रहती है. इससे मिट्टी जल्दी सूखती नहीं और पौधों को कम पानी में भी राहत मिलती है.
इस बात का भी रखें ध्यान
इसके अलावा बाहर जाने से पहले पौधों की लाइटिंग भी एडजस्ट करना जरूरी है. अगर पौधों को थोड़ी कम रोशनी मिले तो उनकी ग्रोथ धीमी हो जाती है और पानी की जरूरत भी कम पड़ती है. हालांकि उन्हें पूरी तरह अंधेरी जगह पर नहीं रखना चाहिए. सही रोशनी और पर्याप्त नमी के साथ पौधे गर्मी में भी लंबे समय तक हरे-भरे बने रह सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: How To Make Hair Thick Naturally: ये पांच तरीके आपके बालों को कर देंगे पहले जैसा घना, घर में ही मौजूद है सारा इलाज