Mini Hill Stations In Uttar Pradesh You Must Visit: हिल स्टेशन घूमने का प्लान बनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में शिमला, मनाली, नैनीताल या मसूरी का नाम आता है. लेकिन अगर आप सोचते हैं कि उत्तर प्रदेश में सिर्फ धार्मिक स्थल ही हैं, तो आपको अपनी यह धारणा बदलने की जरूरत है. यहां भी कई ऐसी जगहें मौजूद हैं, जहां पहाड़, झरने, हरियाली और शांत वातावरण मिलकर किसी मिनी हिल स्टेशन जैसा एहसास कराते हैं. खास बात यह है कि इन जगहों तक पहुंचना आसान है और कम बजट में शानदार वीकेंड ट्रिप का मजा लिया जा सकता है. चलिए आपको इनके बारे में बताते हैं.
सोनभद्र
उत्तर प्रदेश का सोनभद्र जिला अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के कारण सबसे अलग माना जाता है. विंध्य और कैमूर की पहाड़ियों के बीच बसा यह इलाका झरनों, घने जंगलों और पहाड़ी नजारों के लिए प्रसिद्ध है. देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने इसकी खूबसूरती को देखकर इसे ‘भारत का स्विट्जरलैंड’ तक कहा था. यहां मुक्खा फॉल, रिहंद डैम, कैमूर वाइल्डलाइफ सेंचुरी, सालखन फॉसिल पार्क और कई प्राचीन मंदिर पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. प्रकृति और एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए यह बेहतरीन जगह है.
इसे भी पढ़ें- कम बजट में विदेश जैसी छुट्टियां! गुलमर्ग से खज्जियार तक, ये हैं भारत के खूबसूरत ‘स्विट्जरलैंड’
चित्रकूट
अगर आप ऐसी जगह की तलाश में हैं जहां प्रकृति और आस्था दोनों का संगम हो, तो चित्रकूट आपके लिए बेहतरीन विकल्प है. विंध्य पर्वत श्रृंखला में स्थित इस स्थान का संबंध भगवान राम के वनवास से माना जाता है. यहां रामघाट, कामदगिरि, हनुमान धारा, गुप्त गोदावरी, स्फटिक शिला और भरत मिलाप जैसे धार्मिक स्थल मौजूद हैं. वहीं सूर्योदय का खूबसूरत नजारा और आसपास की पहाड़ियां इस जगह को खास बनाती हैं.
महोबा
महोबा को वीरों की धरती के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के खूबसूरत पहाड़ी इलाकों में भी गिना जाता है. यहां का गोखर पहाड़, चर्खारी की छोटी पहाड़ियां, झीलें और हरियाली पर्यटकों को खूब पसंद आती हैं. इतिहास और प्रकृति में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह जगह किसी छिपे हुए पर्यटन स्थल से कम नहीं है. यहां कई प्राचीन मंदिर और ऐतिहासिक स्थल भी देखने को मिलते हैं.
मिर्जापुर
वेब सीरीज की वजह से चर्चा में रहने वाला मिर्जापुर असल जिंदगी में अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है. गंगा किनारे बसा यह शहर पहाड़ियों, झरनों और धार्मिक स्थलों से घिरा हुआ है. यहां विंध्यम वाटरफॉल, लखनिया दरी, टांडा वाटरफॉल, चुनार किला, सीता कुंड और कई प्राचीन मंदिर मौजूद हैं. मानसून के दौरान यहां की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाती है. वेब सीरीज के बाद मिर्जापुर पूरे देश में चर्चा का विषय बना रहता है, यहां का भौकाल झलकता है.
इसे भी पढ़ें- IRCTC Tour Package: IRCTC का महाऑफर! मात्र इतने रुपये में खाटू श्याम, जयपुर और महाकाल घूमने का मौका, रहना-खाना फ्री