How Many Whistles For Boiling Potatoes In Cooker: आलू भारतीय रसोई की सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली सब्जियों में से एक है. सब्जी, पराठा, चाट, टिक्की या स्नैक्स, लगभग हर डिश में इसका इस्तेमाल होता है. लेकिन कई बार लोग आलू उबालते समय यह समझ नहीं पाते कि कुकर में कितनी सीटी लगानी चाहिए. कम सीटी होने पर आलू कच्चे रह जाते हैं, जबकि ज्यादा सीटी लगने पर वे जरूरत से ज्यादा गल जाते हैं. ऐसे में सही तरीका जानना जरूरी है.
कितनी सीटी बेहतर?
अगर आप मध्यम आकार के आलू उबाल रहे हैं, तो प्रेशर कुकर में आमतौर पर 2 सीटी पर्याप्त होती हैं. इससे आलू अच्छी तरह पक जाते हैं और उनका आकार भी बना रहता है. गैस बंद करने के बाद कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें. इसके बाद ढक्कन खोलकर चाकू या कांटे की मदद से आलू चेक करें. अगर चाकू आसानी से अंदर चला जाए, तो समझिए आलू पूरी तरह पक चुके हैं.
बड़े आलू को कैसे पकाएं?
अगर आलू बड़े आकार के हैं, तो उन्हें पकने में थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है. ऐसे में 3 सीटी लगाना बेहतर रहता है. वहीं अगर आलू बहुत छोटे हैं या पहले से आधे कटे हुए हैं, तो कई बार 1 से 2 सीटी में ही काम हो जाता है. इसलिए सीटी की संख्या तय करते समय आलू का आकार जरूर ध्यान में रखें.
किस बात का रखें ध्यान?
कुकर में आलू उबालने के लिए सबसे पहले इतने पानी का इस्तेमाल करें कि सभी आलू पूरी तरह उसमें डूब जाएं. चाहें तो स्वाद के लिए एक चुटकी नमक भी डाल सकते हैं. इसके बाद कुकर का ढक्कन अच्छी तरह बंद करें और मध्यम आंच पर पकाएं. जरूरत से ज्यादा तेज आंच पर पकाने से कई बार आलू बाहर से ज्यादा और अंदर से कम पकते हैं. जब आलू पक जाएं, तो उन्हें कुछ मिनट ठंडा होने दें. इसके बाद ठंडे पानी में डालने से उनका छिलका आसानी से उतर जाता है. इससे आलू का इस्तेमाल पराठा, चाट, सैंडविच, सब्जी या किसी भी दूसरी डिश में करना आसान हो जाता है.
इसे भी पढ़ें – Sawan 2026 Vrat Recipes: उपवास में बनाएं ये पारंपरिक फलाहारी डिश, जिससे मिलेगा स्वाद और बनेगी सेहत
माइक्रोवेव भी बेहतर विकल्प
अगर आपके पास प्रेशर कुकर नहीं है, तो माइक्रोवेव में भी आलू उबाले जा सकते हैं. इसके लिए आलू को टुकड़ों में काटकर माइक्रोवेव-सेफ बाउल में रखें, पानी डालें और करीब 5 मिनट तक पकाएं. इसके बाद चाकू से जांच लें। जरूरत हो तो 2–3 मिनट और पकाया जा सकता है.
आलू खरीदते समय क्या रखें ध्यान?
आलू खरीदते समय हमेशा ऐसे आलू चुनें जिनका छिलका चिकना हो, जिनमें अंकुर न निकले हों और जो सिकुड़े हुए न दिखें. इन्हें ठंडी और सूखी जगह पर रखें. फ्रिज में रखने से इनका स्वाद और बनावट प्रभावित हो सकती है.
इसे भी पढ़ें- Soft Roti Tips: आटे में गूंथते समय मिला लें यह एक चीज, हर रोटी बनेगी एकदम सॉफ्ट और स्वाद में बेहद लाजवाब