केला एक ऐसा फल है जो कुछ ही दिनों में पकने लगता है. कई बार केले खरीदने के बाद ही उसके छिलके पर काले निशान आने लगते हैं और वह बहुत नरम हो जाता है. ऐसे में केले जल्दी खराब होने लगते हैं. लेकिन कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप उन्हें ज्यादा दिनों तक ताजा रख सकते हैं. इसके लिए आपको न तो ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे और न ही किसी खास सामान की जरूरत होगी.
केले के डंठल को ढक दें
केले जल्दी पकने लगते हैं, क्योंकि उनमें एक खास गैस बनती है, एथिलीन नाम की गैस जो फल को पकाने में मदद करती है. केले के गुच्छे के डंठल को प्लास्टिक रैप या फॉयल से ढककर रखें. इससे केले के पकने की रफ्तार कुछ कम हो जाती है. साथ ही, केले को एक-दूसरे से थोड़ा अलग रखें, ताकि उनके बीच हवा आती-जाती रहे.
केले को ऐसी जगह रखें जहां सीधी धूप न आती हो और ज्यादा गर्मी भी न हो. गर्म जगह पर रखने से केले जल्दी पकते हैं. इसलिए उन्हें गैस के पास या धूप वाली खिड़की के सामने रखने से बचें. सेब जैसे फलों से भी केले को थोड़ा दूर रखें, क्योंकि इनके पास रखने से केले जल्दी पकते हैं.
यह भी पढ़ें : क्या फ्रिज में रखने से खत्म होते हैं फलों के पोषक तत्व, कितने दिन स्टोर करना सही?
पके हुए केले फ्रिज में रखें
अगर केले पक चुके हैं, तो उन्हें फ्रिज में रखें. इससे उनके अंदर पकने की प्रक्रिया धीमी हो जाती है और वे ज्यादा समय तक खाने लायक रहते हैं. फ्रिज में रखने से केले के छिलके पर काले निशान पड़ सकते हैं. लेकिन सिर्फ छिलका काला होने का मतलब यह नहीं है कि केला खराब हो गया है. उसे खाने से पहले अंदर से जरूर देख लें.
केले को धोकर न रखें
केले को इस्तेमाल करने से पहले ही धोएं. अगर आप उन्हें धोकर रख देते हैं, तो छिलके पर नमी रहती है. इससे केले जल्दी खराब होते हैं. केला खरीदते समय भी ध्यान रखें कि उसका छिलका फटा हुआ न हो और उस पर ज्यादा निशान न हों. ऐसे केले जल्दी खराब होते हैं.
ज्यादा पके केले को फेंकें नहीं
अगर केले ज्यादा पक गए हैं, तो उन्हें फेंकने के बजाय दूसरी चीजें बना लें. इनसे शेक, स्मूदी या पैनकेक बनाया जा सकता है. आप केले को छीलकर छोटे टुकड़ों में काटें और एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रीजर में जमा दें. बाद में इनका इस्तेमाल शेक या स्मूदी बनाने में कर सकते हैं. अगर केले से बदबू आ रही है या उस पर फफूंद लगी है, तो उसे न खाएं.
यह भी पढ़ें : Cucumber Storage Tips: फ्रिज में नरम पड़ जाता है खीरा? 1 आसान ट्रिक से 20 दिन रखें फ्रेश