Vaibhav Sooryavanshi: आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने के बाद लगातार सवाल उठ रहे हैं. खासकर तब, जब टी20 विश्व चैंपियन भारतीय टीम दो मैचों की सीरीज 0-2 से हार गई. दूसरे मुकाबले में भारत को सिर्फ एक रन से हार का सामना करना पड़ा. ऐसे में युवा बल्लेबाज को मौका न देने का फैसला चर्चा का विषय बना रहा.
रयान टेन डोशेट ने दिया बड़ा बयान
भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन टीम में जगह पाने के लिए उन्हें भी तय प्रक्रिया से गुजरना होगा. उन्होंने कहा, ‘वैभव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार हैं, इसमें कोई शक नहीं है. लेकिन संजू सैमसन वही खिलाड़ी हैं, जिन्होंने तीन महीने पहले हमें टी20 विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी.’ उन्होंने आगे कहा, ‘संजू का आईपीएल भी शानदार रहा है. खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी होता है. हम टीम में यह संदेश देना चाहते हैं कि किसी खिलाड़ी को लगातार मौके मिलेंगे.’
‘हर खिलाड़ी को प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है’
रयान टेन डोशेट ने कहा कि टीम प्रबंधन वैभव की प्रतिभा से पूरी तरह प्रभावित है, लेकिन जल्दबाजी नहीं करना चाहता. उन्होंने कहा, ‘हम सभी वैभव को खेलते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं. लेकिन उन्हें भी उसी प्रक्रिया से गुजरना होगा, जिससे बाकी खिलाड़ियों ने डेब्यू से पहले गुजरकर अपनी जगह बनाई है. इसमें कोई सवाल नहीं कि वह बेहद खास खिलाड़ी हैं.’ उनका यह बयान बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक की बात से भी मेल खाता है, जिन्होंने सीरीज शुरू होने से पहले इसी तरह की राय रखी थी.
यह भी पढ़ें- US Open Badminton: किदांबी श्रीकांत का खिताबी सपना टूटा, फाइनल में सू ली-यांग ने दी शिकस्त
इंग्लैंड दौरे पर मिल सकता है मौका
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 230 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट के साथ 776 रन बनाए थे. उन्होंने मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) और इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन का अवॉर्ड भी अपने नाम किया था. अब भारतीय टीम 1 जुलाई से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली टी20 सीरीज खेलेगी.
यह भी पढ़ें- आयरलैंड दौरा खत्म, अब इंग्लैंड से होगी टीम इंडिया की टक्कर, पूरा शेड्यूल कर लीजिए नोट
ऐसे में वैभव के डेब्यू की उम्मीद फिर से बढ़ गई है. अगर उन्हें इस दौरे पर मौका मिलता है, तो वह भारत के लिए सबसे कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले पुरुष खिलाड़ी बन जाएंगे. साथ ही सचिन तेंदुलकर का वर्षों पुराना रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लेंगे.