Easy Hacks To Degrease Kitchen Oil Dispenser: रसोई में तेल की बोतल ऐसी चीज है, जिसका इस्तेमाल लगभग हर दिन होता है. खाना बनाते समय तेल निकालते हुए अक्सर इसकी कुछ बूंदें बोतल के बाहर गिर जाती हैं. धीरे-धीरे यही तेल बोतल की सतह को चिपचिपा बना देता है. इसके ऊपर धूल और दूसरी गंदगी भी आसानी से चिपकने लगती है. कुछ ही दिनों में साफ-सुथरी रसोई के बीच तेल की बोतल गंदी और चिपचिपी नजर आने लगती है.
अगर आपके साथ भी ऐसा बार-बार होता है, तो सिर्फ बोतल को ऊपर से कपड़े से पोंछना काफी नहीं है. बोतल के ढक्कन, किनारे और अंदर जमा तेल को भी ठीक से साफ करना जरूरी है. इसके लिए आपको कुछ आसान तरीकों की मदद लेनी होगी.
गर्म पानी से करें शुरुआत
सबसे पहले तेल की बोतल को खाली कर लें. इसके बाद बोतल को गर्म पानी से अच्छी तरह साफ करें. गर्म पानी बोतल के अंदर नीचे की तरफ चिपके अतिरिक्त तेल को ढीला करने में मदद करता है. इससे बाद में बोतल को साफ करना आसान हो जाता है. अगर बोतल के अंदर तेल की मोटी परत जमा है, तो केवल पानी डालकर तुरंत बाहर निकालने के बजाय उसे कुछ देर गर्म पानी के संपर्क में रहने दें. इसके बाद बोतल को अच्छी तरह धो सकते हैं.

ढक्कन और किनारों पर जमा तेल हटाएं
कई बार बोतल का अंदरूनी हिस्सा साफ हो जाता है, लेकिन ढक्कन और मुंह के आसपास तेल जमा रह जाता है. यही हिस्सा बाद में दोबारा पूरी बोतल को चिपचिपा कर देता है. इसके लिए साफ टिश्यू पेपर या किचन टॉवल लें और बोतल के ढक्कन, मुंह और किनारों पर जमा अतिरिक्त तेल को अच्छी तरह पोंछें. इन छिपे हुए हिस्सों की सफाई करना जरूरी है, क्योंकि यहीं से तेल बाहर की सतह पर फैलता रहता है.
डिशवॉशिंग लिक्विड से अंदर की सफाई करें
अब एक आसान तरीका अपनाएं. गर्म पानी में थोड़ा सा डिशवॉशिंग लिक्विड मिलाएं और इस मिश्रण को बोतल के अंदर डाल दें. इसे कुछ समय के लिए ऐसे ही रहने दें. इसके बाद बोतल को अच्छी तरह हिलाएं, ताकि अंदर चिपकी तेल की परत ढीली हो सके. अगर बोतल का मुंह बड़ा है और आपके पास बोतल साफ करने वाला ब्रश है, तो उसका इस्तेमाल भी कर सकते हैं. ब्रश से अंदर की सतह और उन जगहों को साफ किया जा सकता है जहां तेल आसानी से जमा हो जाता है. सफाई के बाद बोतल को पानी से अच्छी तरह धो लें.

नींबू या सिरके वाले पानी से दोबारा धोएं
बोतल को सिर्फ डिशवॉशिंग लिक्विड से साफ करने के बाद एक बार और धोना अच्छा रहता है. इसके लिए पानी में थोड़ा नींबू का रस या सफेद सिरका मिलाकर बोतल को अच्छी तरह रिंस कर सकते हैं. यह तरीका बोतल में बची गंध और बाकी अवशेषों को हटाने में मदद करता है. नींबू या सिरके वाले पानी से सफाई करने के बाद बोतल को साफ पानी से भी अच्छी तरह धोना जरूरी है.
इसे भी पढ़ें – Silver Cleaning Tips: काले पड़ गए चांदी के बर्तन? घर पर ही ऐसे लौटेगी चमक
बोतल को पूरी तरह सुखाना न भूलें
तेल की बोतल साफ करने के बाद सबसे जरूरी काम उसे पूरी तरह सुखाना है. बिना सुखाए गीली बोतल में दोबारा तेल भरने से तेल की क्वालिटी और उसकी बनावट प्रभावित हो सकती है. इसके अलावा, तेल की खुशबू और दूसरे गुणों पर भी असर पड़ सकता है. इसलिए बोतल को धोने के बाद उसे अच्छी तरह सूखने दें. अंदर और बाहर कहीं भी पानी की नमी न रहे, तभी उसमें दोबारा तेल भरें.
तेल की बोतल को बार-बार चिपचिपा होने से कैसे बचाएं?
अब बात आती है उस समस्या की जो सबसे ज्यादा परेशान करती है. बोतल साफ करने के बाद कुछ ही दिनों में अगर वह फिर से चिपचिपी हो जाए, तो क्या करें? इसके लिए बोतल के मुंह यानी नेक वाले हिस्से पर मोटा टिश्यू पेपर लपेट सकते हैं. इसे रबर बैंड की मदद से अच्छी तरह बांध दें. जब आप बोतल से तेल निकालेंगे, तो बाहर निकलने वाला अतिरिक्त तेल टिश्यू में सोख लिया जाएगा. इससे तेल बोतल की बाहरी सतह पर फैलने से बच सकता है और बोतल ज्यादा समय तक साफ नजर आ सकती है.
इसे भी पढ़ें- Needle Threading Trick: सुई के छेद में नहीं जा रहा धागा? काम आएंगे ये 4 आसान हैक्स