Does Baking Soda Really Clean Mattress: गद्दे में आने वाली बदबू, धूल और दाग-धब्बे लगभग हर घर की आम समस्या है, लेकिन अक्सर लोग इसे लंबे समय तक नजरअंदाज करते रहते हैं. ऐसे में बेकिंग सोडा का इस्तेमाल एक आसान और लोकप्रिय उपाय माना जाता है, जो गद्दे की दुर्गंध को कम करने में मदद करता है. हालांकि, एक्सपर्ट का कहना है कि यह तरीका पूरी तरह सफाई का विकल्प नहीं है, बल्कि इसे सही तरीके से और सीमित मात्रा में इस्तेमाल करना जरूरी है.
क्या होती है खासियत
दरअसल, बेकिंग सोडा की खासियत यह है कि यह नमी को सोख लेता है और बदबू पैदा करने वाले कणों को अपने अंदर कैद कर लेता है. जब इसे गद्दे पर हल्की परत में फैलाकर कुछ समय के लिए छोड़ दिया जाता है, तो यह गंध को काफी हद तक कम कर देता है. साइंटफिक रूप से यह प्रक्रिया एडसॉर्प्शन कहलाती है, जिसमें ठोस पदार्थ हवा में मौजूद बदबू पैदा करने वाले तत्वों को पकड़ लेते हैं.
इसे भी पढ़ें-अगले 3 महीने की शॉपिंग लिस्ट अभी निपटा लें! हवाई सफर महंगा, डिलीवरी और इलेक्ट्रॉनिक्स पर संकट
गद्दे को अच्छी तरह वैक्यूम करना भी बेहद जरूरी
हालांकि, सिर्फ बेकिंग सोडा छिड़क देना ही काफी नहीं होता. कुछ समय बाद गद्दे को अच्छी तरह वैक्यूम करना भी बेहद जरूरी है. नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश एक रिसर्च के अनुसार, नियमित और गहराई से वैक्यूम करने से धूल, एलर्जन और सूक्ष्म कणों को हटाने में ज्यादा मदद मिलती है, जो गद्दे के अंदर तक जमा हो जाते हैं. फिर भी, यह समझना जरूरी है कि बेकिंग सोडा हर समस्या का समाधान नहीं है. यह केवल हल्की बदबू को कम कर सकता है, लेकिन गहराई में जमा गंदगी या एलर्जन को पूरी तरह खत्म नहीं कर पाता. यही वजह है कि कई बार लोग ज्यादा मात्रा में बेकिंग सोडा इस्तेमाल कर लेते हैं, जो उल्टा नुकसानदायक साबित हो सकता है.
गद्दे की सफाई में नमी का ध्यान
इसके अलावा, गद्दे की सफाई में नमी का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है. अगर सफाई के बाद गद्दा ठीक से सूखा नहीं, तो उसमें फफूंदी और नई बदबू पैदा हो सकती है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है. विशेषज्ञों का मानना है कि बेकिंग सोडा को एक बड़े सफाई रूटीन का हिस्सा बनाना ज्यादा बेहतर होता है. दाग हटाने के लिए हल्के साबुन और पानी का इस्तेमाल किया जा सकता है, जबकि कठिन दागों के लिए हाइड्रोजन पेरॉक्साइड उपयोगी साबित होता है. इसके साथ ही, गद्दे को कवर से ढककर रखना, नियमित वैक्यूम करना और कमरे में सही वेंटिलेशन बनाए रखना भी जरूरी है.
इसे भी पढ़ें-डायनेमिक प्राइसिंग का गणित: अब फ्लाइट टिकट बुक करने का सही समय क्या?