- आईआईएम नागपुर ने वैश्विक विस्तार हेतु नई पांच-वर्षीय रणनीति बनाई.
- पुणे में 70 एकड़ का नया अत्याधुनिक परिसर बनेगा.
- यहां BBA-MBA, BTech-MBA जैसे नए कोर्स मिलेंगे.
- वैश्विक साझेदारी कर शीर्ष 100 बिजनेस स्कूलों में शामिल होगा.
देश के प्रमुख मैनेजमेंट संस्थानों में शामिल आईआईएम नागपुर अब अपने विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है. संस्थान ने अगले 5 सालों के लिए नई रणनीति तैयार की है, जिसके तहत भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मौजूदगी मजबूत करने की योजना है. इसी रणनीति का पहला बड़ा कदम पुणे में 70 एकड़ में नया कैंपस स्थापित करना होगा.
आईआईएम नागपुर के निदेशक डॉ. भीमराया मेत्री, जिन्हें हाल ही में दूसरे पांच साल के कार्यकाल के लिए दोबारा नियुक्त किया गया है, ने संस्थान का स्ट्रैटेजिक रोडमैप 2026-31 पेश किया. उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में संस्थान का लक्ष्य भारत से दुनिया तक अपनी पहचान बनाना है.
पुणे में 70 एकड़ का नया कैंपस
महाराष्ट्र सरकार ने पुणे के मोशी इलाके में आईआईएम नागपुर को 70 एकड़ जमीन केवल 1 रुपये की सांकेतिक लीज पर आवंटित की है. इस जमीन की बाजार कीमत 180 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. संस्थान का कहना है कि यह किसी भी आईआईएम के सबसे बड़े सेकेंडरी कैंपस में से एक होगा.
नया कैंपस आधुनिक तकनीक आधारित मैनेजमेंट शिक्षा पर केंद्रित होगा. यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इंडस्ट्री 4.0, डिजिटल टेक्नोलॉजी, आईटी मैनेजमेंट और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों से जुड़े कोर्स शुरू करने की योजना है.
BBA-MBA और BTech-MBA जैसे नए कोर्स की तैयारी
संस्थान भविष्य में इंटीग्रेटेड BBA-MBA और प्रमुख आईआईटी के सहयोग से पांच वर्षीय BTech-MBA प्रोग्राम शुरू करने पर भी विचार कर रहा है. आईआईएम नागपुर का मानना है कि पुणे जैसे टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्री हब में ऐसे कोर्स छात्रों को बेहतर अवसर देंगे.
यह भी पढ़ें – Digital Education In India: स्कूलों में डिजिटल एजुकेशन का बढ़ता ट्रेंड, क्या आने वाले वर्षों में पूरी तरह बदल जाएगी पढ़ाई?
विदेशों में भी बढ़ेगी पहुंच
आईआईएम नागपुर सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहना चाहता. संस्थान फिलहाल फ्रांस की यूनिवर्सिटी ऑफ लिली के साथ छात्र विनिमय कार्यक्रम चला रहा है. अब अगले पांच वर्षों में दुनिया की 20 प्रमुख यूनिवर्सिटी के साथ साझेदारी करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके जरिए स्टूडेंट एक्सचेंज, ड्यूल डिग्री प्रोग्राम और संयुक्त रिसर्च को बढ़ावा मिलेगा.
दुनिया के टॉप 100 बिजनेस स्कूलों में शामिल होने का लक्ष्य
आईआईएम नागपुर ने अपने लिए बड़ा लक्ष्य तय किया है. संस्थान अगले कुछ वर्षों में दुनिया के टॉप 100 बिजनेस स्कूलों में जगह बनाने और एशिया के टॉप 10 मैनेजमेंट संस्थानों में शामिल होने की तैयारी कर रहा है. साथ ही, एग्जीक्यूटिव एजुकेशन के क्षेत्र में भारत के शीर्ष तीन संस्थानों में शामिल होने का भी लक्ष्य रखा गया है.
यह भी पढ़ें – NEET-UG 2027 में बड़ा बदलाव, अब 5-6 दिन तक होगी परीक्षा; 1 हजार केंद्रों पर कंप्यूटर से होगा एग्जाम
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI